
श्योपुर जिले के कराहल क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर अपने ही पति की फिल्मी अंदाज में हत्या कर दी और मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। गुरुवार शाम पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया।
नौनपुरा घाटी में मिला था शिक्षक का शव
कराहल के नाई मोहल्ला निवासी 49 वर्षीय शिक्षक रमाकांत पाठक का शव बीते शनिवार को नौनपुरा घाटी में संदिग्ध हालत में मिला था। मृतक चकरामपुरा शासकीय विद्यालय में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे।
जानकारी के अनुसार, 26 दिसंबर की सुबह करीब 9 बजे रमाकांत पाठक घर से निकले थे। उन्होंने पत्नी को बताया था कि वे कराहल से करीब 9 किलोमीटर दूर सेसईपुरा किसी काम से जा रहे हैं और जल्द लौट आएंगे। लेकिन देर शाम तक जब वे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
परिजनों की मांग पर हुई फॉरेंसिक जांच
अगले दिन 27 दिसंबर को पुलिस को सूचना मिली कि कराहल से लगभग 7 किलोमीटर दूर नौनपुरा घाटी में एक शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान रमाकांत पाठक के रूप में की।
शव मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए फॉरेंसिक टीम बुलाने की मांग की। मुरैना से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने करीब 5–6 घंटे तक घटनास्थल की जांच की और जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया। इसके बाद पोस्टमार्टम कर शव का अंतिम संस्कार किया गया।
पत्नी ही निकली हत्या की साजिशकर्ता
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को चौंकाने वाले सबूत मिले। खुलासे में सामने आया कि शिक्षक की पत्नी साधना पाठक ने अपने प्रेमी मनीष जाटव और उसके दोस्त सतनाम सिंह के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।
मनीष जाटव पेट्रोल पंप पर काम करता था, जबकि सतनाम सिंह पुलिस की गाड़ी चलाने का काम करता था। तीनों ने मिलकर पहले से पूरी योजना बनाई थी।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
एसडीओपी प्रवीण कुमार अष्ठाना ने बताया कि यह हत्या एक-दो महीने की प्लानिंग के बाद की गई। 26 दिसंबर को मनीष ने सतनाम को कराहल बुलाया। सतनाम अपनी कार से पहुंचा और दोनों ने रमाकांत को किसी महिला से संपर्क कराने के बहाने सेसईपुरा की ओर ले गए।
नौनपुरा घाटी में टॉयलेट करने का बहाना बनाकर कार रोकी गई। तभी पीछे से मनीष ने शिक्षक के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने शिक्षक को घसीटकर नीचे ले जाकर उसका मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हादसे का रूप देने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घाटी में छोड़ दिया और शिक्षक की बाइक को कराहल से लाकर घटनास्थल पर पटक दिया, ताकि यह सड़क दुर्घटना लगे। मृतक का टोपा आरोपियों की कार में रह गया था, जिसे बाद में जला दिया गया।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, कार जब्त
पुलिस पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपराध कबूल कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया गया है, जो सतनाम के साले के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने साधना पाठक, मनीष जाटव और सतनाम सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

