
बेंगलुरु: कर्नाटक, खासकर बेंगलुरु और अन्य जिलों में निर्माणाधीन इमारतों पर लगे एक पोस्टर ने हाल के दिनों में लोगों की जिज्ञासा बढ़ा दी थी। साड़ी पहने, बड़ी-बड़ी आंखों वाली महिला की तस्वीर हर निर्माण स्थल पर दिख रही थी, लेकिन कोई नहीं जानता था कि आखिर वह महिला कौन है और यह पोस्टर क्यों लगाया जाता है। अब इस रहस्य से पर्दा उठ गया है।
इस अनोखे पोस्टर पर सबसे पहले ध्यान गया एक महिला एक्स (पूर्व में ट्विटर) यूजर का, जो महाराष्ट्र की रहने वाली हैं और फिलहाल बेंगलुरु में रहती हैं। उन्होंने देखा कि कर्नाटक में लगभग हर निर्माण स्थल पर यह तस्वीर लगी हुई है, जो आमतौर पर बुरी नजर से बचाने के लिए लगाए जाने वाले पारंपरिक प्रतीकों से बिल्कुल अलग है।
उन्होंने एक्स पर लिखा,
“मैं कर्नाटक में बेंगलुरु के बाहर जहां भी निर्माण होता देखती हूं, वहां इस महिला की तस्वीर लगी होती है। मैंने गूगल लेंस से खोजने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। आखिर ये हैं कौन?”
5 जनवरी को किया गया उनका यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गया और उसे करीब 35 लाख से ज्यादा व्यूज मिले। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी-अपनी राय देनी शुरू कर दी। कुछ यूजर्स ने इसे ‘नजरबट्टू’ बताया, तो कुछ ने कहा कि यह नकारात्मक ऊर्जा से बचाने के लिए लगाया जाता है। वहीं कुछ लोगों को यह परंपरा से हटकर अजीब भी लगी।
चर्चा के बीच एक अन्य एक्स यूजर ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से इस महिला की पहचान की। सामने आया कि पोस्टर में दिख रही महिला निहारिका राव हैं, जो कर्नाटक की एक यूट्यूबर हैं। यह तस्वीर उनके 2023 के एक वायरल वीडियो क्लिप से ली गई है, जिसमें उनके चौंकने वाले भाव को बाद में मीम के रूप में इस्तेमाल किया जाने लगा।
AI विश्लेषण के अनुसार, इस तस्वीर का उपयोग स्थानीय परंपरा से जुड़ा है, जिसे ‘दृष्टि गोम्बे’ कहा जाता है। कर्नाटक में बुरी नजर से बचाने के लिए मज़ाकिया या डरावने चेहरों वाले प्रतीक लगाने की परंपरा रही है। अब उसी परंपरा का आधुनिक और हास्यपूर्ण रूप इस वायरल पोस्टर के तौर पर सामने आया है।

