
world news:ईरान और अमेरिका के बढ़ते तनाव के बीच इजराइल पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। ईरान ने इजराइल को सीधी धमकी दी है। तेहरान के फिलिस्तीन स्क्वायर में एक बड़ा बैनर लगाया गया, जिसे इजराइल पर संभावित बैलिस्टिक हमले की चेतावनी माना जा रहा है।
बैनर में लिखा था — “You start… We finish it” यानी “तुम शुरू करोगे, खत्म हम करेंगे”। साथ ही इसमें इजराइल के केंद्रीय हिस्से का मैप भी दिखाया गया है, जिसमें संभावित हमले के टारगेट बताए गए हैं। इसमें बेन-गुरियन हवाई अड्डा, तेल अवीव में IDF का मुख्यालय और हर्ज़लिया के पास ग्लिलोट में खुफिया निदेशालय जैसे प्रमुख सैन्य ठिकानों को निशाना दिखाया गया है।
ईरान ने यह भी संकेत दिया कि पहले दिन वह इजराइल की किन-किन जगहों को निशाना बना सकता है। हिब्रू भाषा में बैनर पर लिखा था — “यह छोटा क्षेत्र है जहां मिसाइलों की बारिश होगी।”बैनर में एक सैन्य कमांड डेस्क, एक लाल “FIRE” बटन, एक लड़ाकू जेट और दो बैलिस्टिक मिसाइलों की तस्वीर भी शामिल थीं।
क्षेत्रीय तनाव बढ़ाने वाला संदेश
इस सार्वजनिक प्रदर्शन का उद्देश्य इजराइल और अमेरिका को यह संदेश देना है कि यदि ईरान पर हमला किया गया, तो वह गंभीर प्रतिशोध करेगा। इससे पहले भी, अक्टूबर 2024 में, ईरान ने इजराइल पर लगभग 200 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं, जिससे दोनों देशों के तनाव में तेज बढ़ोतरी हुई थी।
क्षेत्रीय स्थिरता के लिए बड़ा खतरा
इस बैनर के जरिए ईरान ने साफ संकेत दिया है कि वह किसी भी हमले का जवाब देने के लिए तैयार है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी स्थिति मध्य-पूर्व क्षेत्र की स्थिरता के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।

