
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को दिल्ली स्थित बंग भवन पहुंचीं, जहां चुनावी सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से प्रभावित परिवार फ़िलहाल रुके हुए हैं। बंग भवन में पुलिस की तैनाती से ममता बनर्जी भड़क उठी इस बीच सुरक्षाकर्मियों और उनके बीच तीखी बहस हो गई |
पुलिस तैनाती पर जताई नाराजगी
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बंग भवन में ठहरे बंगाल के लोगों को डराने का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाना चाहिए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने सवाल उठाया कि क्या परेशान परिवार मीडिया से बात भी नहीं कर सकते।
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह दिल्ली पुलिस को दोष नहीं देतीं, बल्कि शीर्ष स्तर पर बैठे लोगों को जिम्मेदार मानती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग देश की सुरक्षा में विफल हो रहे हैं और SIR के नाम पर आम लोगों पर अत्याचार किया जा रहा है। उन्होंने दिल्ली की तुलना जमींदारी व्यवस्था से करते हुए कहा कि यहां गरीबों के लिए जगह नहीं बची है।
सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग तक पहुंचा मामला
ममता बनर्जी ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है और चुनाव आयोग के साथ बैठक भी तय है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात कर प्रभावित परिवारों के लिए न्याय की मांग करेंगी।
आंदोलन से किया इनकार, लेकिन चेतावनी भी दी
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि वह दिल्ली किसी आंदोलन के लिए नहीं आई हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि अगर वह आंदोलन करने के लिए आतीं तो हालात अलग होते। उन्होंने मांग की कि दिल्ली पुलिस प्रभावित परिवारों को परेशान करना बंद करे।

