
National desk: अब एटीएम से पैसे नहीं बल्कि अनाज निकलेगा। अगर आप पढ़कर चौंक गए तो हैरान मत होइए, यह सच है। केंद्र सरकार राशन बांटने के लिए नया तरीका लेकर आ रही है, जिसे सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) वितरण प्रणाली कहा जा रहा है। गुजरात में इस पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई है। इसके तहत अन्नपूर्ति मशीन राशन दुकानों में लगाई जाएगी, जो लाभार्थियों को 25 किलोग्राम अनाज 35 सेकंड में वितरित कर सकेगी।
कैसे काम करेगी मशीन
जैसे एटीएम होता है, वैसे ही राशन दुकानों में अन्नपूर्ति मशीन होगी। इस मशीन में अनाज रखा जाएगा। जैसे एटीएम से पैसे निकलते हैं, वैसे ही इससे अनाज निकलेगा। साथ ही इससे समय की भी बचत होगी।
डिजिटल करेंसी का होगा उपयोग
सरकार लाभार्थियों को डिजिटल करेंसी देगी, जिसे प्रोग्रामेबल डिजिटल रुपया (e₹) कहा जाता है, जो कि राशन खरीदने के लिए ही उपयोग हो पाएगा। यह एक तरह की सब्सिडी है। साथ ही OTP के जरिए भी आप यह काम कर पाएंगे। अनाज लेने पर उतनी करेंसी आपके अकाउंट से कट जाएगी। डिजिटल वॉलेट में e₹ टोकन क्रेडिट किए जाएंगे, जिनमें वस्तु का नाम, मात्रा और मूल्य जैसी जानकारी होगी।
फायदे
इससे लोगों को घंटों लंबी लाइन लगाने की झंझट से छुटकारा मिलेगा। समय की बचत होगी। साथ ही इससे पारदर्शिता भी बढ़ेगी। डिजिटल युग में यह बड़ा कदम है।
अभी है पायलट प्रोजेक्ट
अभी यह शुरुआत है और सिर्फ चुनिंदा कुछ जगहों पर इसका प्रयोग किया जाएगा। अगर यह सफल होता है, तो बाकी राज्यों में भी इसे लागू किया जाएगा।

