More
    Home Blog Page 35

    योग ने पूरे विश्व को जोड़ा’, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर पीएम मोदी का संबोधन

    अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज पूरी दुनिया योग कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज विशाखापत्तनम में योग दिवस का नेतृत्व कर रहे हैं। विशाखापत्तनम में 3 लाख लोगों के साथ सामूहिक योग का आयोजन किया गया है।

    International Yoga Day 2025 LIVE: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज पूरी दुनिया योग कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज विशाखापत्तनम में योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व किया। प्रधानमंत्री मोदी ने विशाखापत्तनम में 3 लाख लोगों के साथ सामूहिक योग किया। पूरे देश में आज साढ़े तीन लाख से भी ज्यादा जगहों पर सामूहिक कार्यक्रमों के ज़रिये योग दिवस मनाया जा रहा है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह उधमपुर में जवानों के साथ योग कार्यक्रम में शामिल हुए तो लोकसभा स्पीकर ओम बिरला संसद भवन परिसर में योगासन करते नजर आए।

    दिल्ली में 2000 करोड़ रुपए का क्लासरूम घोटाला, कैसे किया गया ये स्कैम? हुआ बड़ा खुलासा

    दिल्ली में कथित क्लासरूम घोटाले के सामने आने के बाद हंगामा मचा हुआ है। इस क्लासरूम घोटाले की रकम 2000 करोड़ रुपए बताई जा रही है। आइए जानते हैं इसके बारे में सबकुछ दिल्ली में कथित क्लासरूम घोटाले के मामले को लेकर बवाल मचा हुआ है। सरकारी स्कूलों में कक्षा निर्माण में भारी घोटाले और अनियमितताओं के मामले में दर्ज FIR में पूछताछ के लिए दिल्ली पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ACB कार्यालय में पेश हुए हैं। ACB अधिकारियों ने स्वतंत्र पंच गवाह की मौजूदगी में की सिसोदिया से पूछताछ की है। इस बीच प्रवर्तन निदेशालय की ओर से इस घोटाले को लेकर बड़ा खुलासा किया है। जानकारी के मुताबिक, इस क्लासरूम घोटाले की रकम 2000 करोड़ रुपये आंकी गई है।
    जरूरत से तीन गुना क्लासरूम बनाए गए
    ED की छापेमारी में दिल्ली के क्लासरूम घोटाले के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। ED ने 18 जून 2025 को दिल्ली-एनसीआर में 37 स्थानों पर छापेमारी की थी। ये कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA), 2002 के तहत की गई थी। ये मामला दिल्ली के अतिरिक्त क्लासरूम कंस्ट्रक्शन में हुए घोटाले से जुड़ा है। पूरा घोटाला करीब 2000 करोड़ रुपये का आंका गया है। जरूरत से तीन गुना क्लासरूम बनाकर घोटाले को अंजाम दिया गया है।

    किन नेताओं पर लगा आरोप?
    ACB द्वारा दर्ज FIR में दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया, पूर्व PWD मंत्री सत्येंद्र जैन और अन्य के खिलाफ ₹2,000 करोड़ से अधिक की गड़बड़ी का आरोप है। दरअसल, साल 2015 से 2023 के बीच 2405 क्लासरूम की जरूरत थी, लेकिन इसे 12748 क्लासरूम तक बढ़ाया गया था, वो भी बिना मंजूरी के।

    कैसे हुआ घोटाला?
    महंगी और फर्जी निर्माण सामग्री के प्रस्तावों को जानबूझकर चुना गया। इसका मकसद करोड़ों रुपये का गबन करना था। निर्माण कार्यों में 49% तक लागत बढ़ोतरी पाई गई, बाकी पैसे का गबन किया गया। निर्माण कार्यों में डुप्लीकेट और फर्जी खर्चों का इस्तेमाल किया गया।

    ED को सर्च में क्या मिला?
    निजी ठेकेदारों के ठिकानों से सरकारी विभाग की मूल फाइलें और PWD अधिकारियों की नकली मुहरें बरामद हुईं। 322 बैंक पासबुक मिलीं, जो मजदूरों के नाम पर फर्जी खाते खोलकर सरकारी पैसे की हेराफेरी के लिए इस्तेमाल हुई थीं। नकली लेटरहेड, फर्जी बिल, और शेल कंपनियों से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए। फर्जी कम्पनियों के नाम पर बड़े भुगतान दिखाए गए।

    धनुष ने दी अपने करियर की बेस्ट फिल्म, ‘कुबेर’ फिल्म को देख भावुक हुए फैन्स, खूब मिली तारीफें

    धनुष की फिल्म कुबेर आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को लेकर दर्शक काफी उत्साहित थे और अब कहानी को देखकर खुश हो गए हैं।तमिल सुपरस्टार धनुष ने दो साल बाद ‘कुबेर’ के साथ तेलुगु सिनेमा में वापसी की। ये क्राइम ड्रामा शुक्रवार यानी आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म के थिएटर प्रीमियर के कुछ घंटों बाद नेटिजंस ने सोशल मीडिया पर अपनी समीक्षा शेयर की है। हालांकि कुछ लोगों ने फिल्म की लंबाई की आलोचना की लेकिन दर्शकों ने धनुष के शानदार अभिनय की प्रशंसा की। एक समीक्षक ने कहा कि यह भूमिका आसान नहीं थी, लेकिन धनुष ने इसमें जान डाल दी, जिससे आप उनके लिए उत्साहित हो गए।

    फिल्म देखकर क्या बोले लोग?
    एक यूजर ने लिखा, ‘धनुष यह धनुष के लिए एक खास भूमिका है, और पूरी फिल्म में उनकी मासूमियत बहुत काम आती है, जिससे आप उनके किरदार के लिए उत्साहित हो जाते हैं। यह भूमिका निभाना आसान नहीं है, लेकिन उन्होंने इसे सहजता से निभाया है। बड़े पर्दे पर यह एक देखने लायक अभिनय है।’ एक अन्य ने धनुष के बेहतरीन अभिनय की प्रशंसा की, लेकिन कहा कि फिल्म को छोटा किया जा सकता था। ‘धनुष का दमदार अभिनय, रश्मिका के साथ शानदार केमिस्ट्री। शेखर कम्मुला की कहानी वाकई अच्छी है, लेकिन फिल्म को छोटा करके और भी आकर्षक बनाया जा सकता था, खासकर दूसरे भाग में, प्री-क्लाइमेक्स के करीब। निर्देशक को बदनाम नहीं करना चाहिए, लेकिन गति ने इसे थोड़ा खींचा हुआ महसूस कराया। बेहतर गति के साथ, यह और भी ज़्यादा हिट हो सकती थी।’ एक अन्य ने फिल्म में धनुष के प्रदर्शन को उनके ‘करियर का सर्वश्रेष्ठ’ बताया। धनुष के अभूतपूर्व, यकीनन, करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के दम पर कुबेर आपका दिल जीत लेता है। लंबाई में मामूली खामियों के बावजूद, फिल्म में कई यादगार पल हैं, जो इसे देखने में पूरी तरह से आनंददायक बनाते हैं।’

    नागार्जुन की भी जमकर हुई तारीफ
    एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘कुबेर का पहला भाग एक ताजा कहानी और एक समकालीन कथा के साथ प्रभावशाली है जो आपको बांधे रखता है। धनुष ने एक बेहतरीन प्रदर्शन किया है, नागार्जुन ने भी बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है, और जिम सार्भ टीम के लिए एक ठोस जोड़ हैं। दो दृश्य विशेष रूप से शेखर कम्मुला के निर्देशन की बारीकियों को उजागर करते हैं।’

    51वीं फिल्म में चमके धनुष
    सिनेमा में अपनी 51वीं मुख्य भूमिका को चिह्नित करते हुए, धनुष कुबेर में अभिनय करते हैं, यह एक ऐसा प्रोजेक्ट है जो एक साहसी अवधारणा को एक निपुण रचनात्मक टीम के साथ जोड़ती है। प्रसिद्ध शेखर कम्मुला के निर्देशन में यह फिल्म वित्तीय अपराधों के अंधेरे पक्ष में जाती है, अवैध धन, संस्थागत भ्रष्टाचार और सामाजिक सत्ता संरचनाओं की जटिलताओं की खोज करती है। अखिल भारतीय रिलीज के लिए डिजाइन की गई, यह फिल्म तमिल, तेलुगु और हिंदी में प्रस्तुत की गई है, जिससे यह व्यापक और भाषाई रूप से विविध दर्शकों से जुड़ने में सक्षम है। यह फिल्म 2023 की ब्लॉकबस्टर ‘वाथी’ के बाद धनुष की तेलुगु सिनेमा के साथ दूसरी कोशिश भी है।

    एक विशिष्ट भूमिका और स्टार कास्ट
    अपने सामान्य किरदारों से हटकर धनुष एक बेसहारा व्यक्ति, एक भिखारी – के किरदार में नजर आते हैं, जो पारंपरिक नायक चित्रणों को चुनौती देता है। इसके विपरीत जिम सार्भ ने एक अरबपति की भूमिका निभाई है, जिसे धरती पर सबसे अमीर व्यक्ति माना जाता है, जो चरम सीमाओं का प्रतीकात्मक टकराव पैदा करता है। रश्मिका मंदाना केंद्रीय महिला चरित्र निभाती हैं, जबकि अनुभवी स्टार नागार्जुन एक उच्च-दांव जांच करने वाले कानून प्रवर्तन अधिकारी की भूमिका निभाते हैं। इस गतिशील कलाकारों की उपस्थिति, फिल्म के गहन विषय के साथ, इसकी रिलीज से पहले के हफ्तों में जिज्ञासा और उत्साह को बढ़ा दिया।

    67 साल की हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने दी शुभकामनाएं, उत्तराखंड को देंगी खास तोहफा

    राष्ट्रपति मुर्मू अपना जन्मदिन उत्तराखंड में मनाएंगी। इस दौरान वह यहां के लोगों को जन्मदिन पर खास सौगात भी देंगी। पीएम मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष खरगे सहित कई बड़े नेताओं ने राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 67 साल की हो चुकी हैं। उनका जन्म आज के दिन ही साल 1958 में हुआ था। पीएम नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई नेताओं ने राष्ट्रपति मुर्मू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति मुर्मू अपना जन्मदिन उत्तराखंड में मनाएंगी। इस दौरान वह यहां के लोगों को खास सौगात भी देंगी। वह राजपुर रोड में बने राष्ट्रपति निकेतन में जन्मदिन मनाएंगी। इस दौरान वह बेहद आधुनिक सार्वजनिक पार्क की आधारशिला भी रखेंगी। यह पार्क 132 एकड़ जमीन पर बन रहा है। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति को बधाई देते हुए लिखा “राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनका जीवन और नेतृत्व देश भर के करोड़ों लोगों को प्रेरित करता रहेगा। जनसेवा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता सभी के लिए आशा और शक्ति की किरण है। उन्होंने हमेशा गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए काम किया है। ईश्वर उन्हें लोगों की सेवा करते हुए दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करे।

    कांग्रेस अध्यक्ष ने क्या लिखा?
    मल्लिकार्जुन खरगे ने लिखा “भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से हम भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। उनकी बुद्धिमत्ता और राष्ट्र की प्रगति, कल्याण और न्याय के प्रति अटूट समर्पण देश को सत्य और सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ाता रहे। हम उनके दीर्घायु, स्वस्थ और पूर्ण जीवन की कामना करते हैं।

    21 जून तक उत्तराखंड में रहेंगी राष्ट्रपति
    राष्ट्रपति मुर्मू 21 जून तक उत्तराखंड में ही रहेंगी। इस दौरान वह कई विकास कार्यों की नींव रखेंगी और उद्घाटन भी करेंगी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर वह पुलिस लाइन मैदान में योग कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। अपने जन्मदिन की शुरुआत वह राजपुर रोड में बने शिव मंदिर में पूजा अर्चना के साथ करेंगी। पिछले जन्मदिन की शुरुआत भी उन्होंने मंदिर में भगवान जगन्नाथ के दर्शन के साथ की थी। राष्ट्रपति तीन दिन तक देहरादून में रहेंगी। इस दौरान यहां धारा 163 लागू रहेगी। राष्ट्रपति के पिछले दौरे के समय यहां चोरी होने से बवाल हुआ था। ऐसे में इस बार पुलिस ने शहर की सुरक्षा के भी पूरे इंतजाम कर रखे हैं।

    दिल्ली में पहली बार कराई जाएगी आर्टिफीशियल बारिश, IMD ने दी मंजूरी, कहां और कैसे कराई जाएगी, कितना आएगा खर्च?

    दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि भारतीय मौसम विभाग ने वायु प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से क्लाउड सीडिंग पर दिल्ली की पायलट परियोजना को मंजूरी दे दी है और सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।नई दिल्लीः दिल्ली में आर्टिफीशियल बारिश (कृत्रिम वर्षा) कराने की मंजूरी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दे दी है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि वायु प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से क्लाउड सीडिंग यानी कृत्रिम बारिश से संबंधित दिल्ली सरकार की पायलट परियोजना को मंजूरी दे दी है और सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।

    आईआईटी कानपुर के नेतृत्व में होगी में आर्टिफीशियल बारिश

    सिरसा ने बुधवार को कहा कि अनुकूल मौसम की स्थिति -विशेष रूप से नमी वाले बादलों की उपस्थिति के बाद क्लाउड-सीडिंग शुरू होगी। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख अनुमतियां प्राप्त कर ली गई हैं। केवल मामूली परिचालन औपचारिकताएं – जैसे कि अंतिम क्लाउड सीडिंग फ्लाइट मंजूरी – लंबित हैं। इस परियोजना का क्रियान्वयन आईआईटी कानपुर के नेतृत्व में किया जाएगा, जो इस प्रयास के वैज्ञानिक, तकनीकी और परिचालन पहलुओं की देखरेख करेगा।

    100 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को किया जाएगा कवर

    पर्यावरण मंत्री ने कहा कि उत्तर-पश्चिम और बाहरी दिल्ली में पांच विमान-आधारित क्लाउड सीडिंग उड़ानों की योजना बनाई गई है। लगभग 90 मिनट की उड़ान के दौरान करीब 100 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को कवर किया जाएगा।

    सिरसा ने बताया कब होगी कृत्रिम बारिश

    दिल्ली में कब कृत्रिम बारिश होगी मंत्री सिरसा ने उसकी तारीख तो नहीं बताई लेकिन इतना जरुर कहा कि जैसे ही मौसम साथ देगा, दिल्ली में पहली कृत्रिम बारिश होगी। मंत्री ने कहा कि पायलट परियोजना स्वच्छ हवा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि आईएमडी उड़ान योजना में सहायता के लिए बादलों के प्रकार, ऊंचाई, हवा की दिशा और ओस बिंदु सहित वास्तविक समय के मौसम संबंधी डेटा प्रदान करेगा। सीडिंग जमीन से 500 से 6,000 मीटर ऊपर स्थित निंबोस्ट्रेटस बादलों को लक्षित करेगी, जिनमें नमी का स्तर कम से कम 50 प्रतिशत होगा।

    3.21 करोड़ रुपये आएगा खर्च

    कृत्रिम बारिश की प्रभावशीलता का आकलन करने के लिए वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन सीडिंग क्षेत्रों में और उसके आस-पास PM2. 5 और PM10 के स्तर में वास्तविक समय में होने वाले परिवर्तनों को ट्रैक करेंगे। आईआईटी कानपुर ने पहले सूखाग्रस्त क्षेत्रों में क्लाउड सीडिंग के सात सफल प्रयोग किए हैं। यह शहरी वायु गुणवत्ता प्रबंधन के लिए इसकी व्यवहार्यता का पता लगाने का पहला प्रयास है। आधिकारिक बयान के अनुसार, 3.21 करोड़ रुपये की इस पायलट परियोजना को दिल्ली सरकार के पर्यावरण विभाग द्वारा वित्त पोषित किया जा रहा है।

    ट्रंप के आग्रह पर PM मोदी ने लगाया फोन, 35 मिनट तक दोनों नेताओं के बीच क्या हुई बात?

    डोनाल्ड ट्रंप के आग्रह पर दोनों ही नेताओं के बीच आज फोन पर बातचीत हुई। ट्रंप ने पीएम मोदी से कहा कि क्या आप अमेरिका आ सकते हैं। इस पर पीएम ने कनाडा से अमेरिका जाने में असमर्थता जताई। ऑपरेशन सिंदूर के बाद सीजफायर को लेकर जारी रस्साकशी के बीच यह दोनों नेताओं की पहली सीधी बातचीत थी।ऑपरेशन सिंदूर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात की है। दोनों नेताओं के बीच करीब 35 मिनट तक बातचीत हुई। ट्रंप के आग्रह पर दोनों ही नेताओं के बीच आज फोन पर बातचीत हुई। इस बातचीत के दौरान ट्रंप कनाडा से पीएम मोदी को अमेरिका बुला रहे थे, लेकिन आगे के दौरे के चलते व्यस्त होने की वजह से पीएम ने अमेरिका के दौरे से इनकार कर दिया।

    बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद सीजफायर को लेकर जारी रस्साकशी के बीच यह दोनों नेताओं की पहली सीधी बातचीत थी।

    किन मुद्दों पर हुई बात?
    विदेश सचिव मिसरी ने बताया कि पीएम मोदी ने आतंकवाद पर भारत के पक्ष को रखा। दोनों नेताओं के बीच भारत पाकिस्तान के बीच पहलगाम आतंकी हमले के बाद हुए तनाव पर भी चर्चा हुई। मिसरी ने बताया कि आतंकवाद के खिलाफ भारत का ऑपरेशन सिंदूर जारी है और इस पर भी पीएम मोदी की ट्रंप से बात हुई है। दोनों नेताओं के बीच इजरायल-ईरान तनाव पर भी चर्चा हुई। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि भारत ने किसी की मध्यस्थता स्वीकार नहीं की है। अमेरिका से सीजफायर पर कोई बात नहीं हुई।पाकिस्तान की रिक्वेस्ट पर हुआ सीजयफायर’
    विक्रम मिसरी ने कहा कि बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े किसी भी विषय में व्यापार से संबंधित कोई चर्चा नहीं हुई। उन्होंने दोहराया कि पाकिस्तान के कहने पर ही भारत ने सीजफायर किया था। भारत कभी किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता को स्वीकार नहीं करता और आगे भी नहीं करेगा। साथ ही, पीएम मोदी ने यह भी जोर देकर कहा कि अब भारत आतंकवाद की घटनाओं को प्रॉक्सी वॉर (परदे के पीछे की लड़ाई) नहीं, बल्कि सीधे युद्ध की कार्रवाई के रूप में देखेगा।

    G-7 में क्यों नहीं हो पाई मोदी-ट्रंप की मुलाकात?
    बता दें कि पहले पीएम मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात कनाडा में G-7 समिट के इतर होनी तय थी, लेकिन ट्रंप को 17 जून को G-7 समिट छोड़कर अमेरिका लौटना पड़ा। इजरायल और ईरान जंग की वजह से उन्हें अचानक ही एक दिन पहले वापस लौटना पड़ा। इस कारण ये मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद ट्रंप के कहने पर दोनों नेताओं की फोन पर बात हुई। यह बातचीत करीब 35 मिनट चली।

    IndiGo की फ्लाइट की नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, कोच्चि से दिल्ली जा रहा था विमान

    कोच्चि से दिल्ली जा रही एक फ्लाइट को मंगलवार को नागपुर के डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बमनागपुरः बम होने की सूचना के बाद इंडिगो के विमान की नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। जानकारी के अनुसार, कोच्चि से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E 2706 की नागपुर एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई गई है। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
    विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित

    बताया जा रहा है कि आज सुबह 9:20 बजे कोच्चि से दिल्ली जाने वाली इंडिगो फ्लाइट संख्या 6E 2706 में बम की धमकी मिली और उसे नागपुर एयरपोर्ट पर उतार दिया गया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E 2706 सुबह 9.20 बजे केरल के कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना हुई और बीच हवा में ही उसे बम की धमकी मिली और उसे नागपुर हवाई अड्डे पर डायवर्ट कर दिया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

    सुरक्षा एजेंसियां कर रही मामले की जांच

    शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, एयरलाइन अधिकारियों को सूचना मिली थी कि विमान में बम रखा गया है। सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार, फ्लाइट को डायवर्ट कर दिया गया और उसे नागपुर में सुरक्षित उतार दिया गया। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) तुरंत पहुंचा और विमान की गहन तलाशी शुरू की। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और विमान को जांच के लिए एक अलग जगह पर ले जाया गया। हवाई अड्डे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और स्थानीय पुलिस सक्रिय रूप से धमकी के स्रोत की जांच कर रही है।

    एयर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी

    इससे पहले सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता के रास्ते मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक उड़ान के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे यात्रियों को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में विमान से उतरना पड़ा। सोमवार शाम को दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की एक और उड़ान विमान में संदिग्ध तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद उड़ान भरने के लगभग 90 मिनट बाद हांगकांग लौट आई। एयर इंडिया की फ्लाइट AI 315 ने सोमवार सुबह हांगकांग अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी।

    CM मोहन यादव से मिले भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष, MSP को लेकर जताया आभार

    भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने सीएम मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एमएसपी पर ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द की खरीदी के निर्णय का स्वागत किया और इसके लिए सीएम मोहन यादव का आभार व्यक्त किया।मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने मुलाकात दी। मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में यह मुलाकात हुई। इस दौरान भारतीय किसान संघ के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं मुलाकात के दौरान भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने एमएसपी पर ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द की खरीदी के निर्णय का स्वागत किया। इसके अलावा भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने सीएम डॉ. मोहन यादव का इस फैसले के लिए आभार भी व्यक्त किया।

    सीएम मोहन यादव का जताया आभार
    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने मुलाकात की। उन्होंने राज्य सरकार के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द की खरीदी करने के निर्णय का स्वागत किया। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार माना। इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के महेश चौधरी तथा अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

    19 जून से शुरू होगा पंजीयन
    वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 19 जून से मूंग खरीदी के लिए पंजीयन शुरू होंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री जी की किसानों के प्रति संवेदनशीलता की तारीफ की और आभार व्यक्त किया।

    प्लेन क्रैश हादसे के बीच दिल्ली में रेल दुर्घटना, पटरी से उतरी ट्रेन की बोगी

    प्लेन हादसे के बीच दिल्ली से ट्रेन दुर्घटना की घटना सामने आई है। दिल्ली के शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन पर ये ट्रेन हादसा हुआ।गुजरात में हुए प्लेन क्रैश के बड़े हादसे के बीच दिल्ली से ट्रेन दुर्घटना की खबर सामने आई है। दिल्ली में गुरुवार दोपहर 4:10 बजे एक ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उत्तरी रेलवे के अनुसार, डाउन मेन लाइन पर शिवाजी ब्रिज के पास ट्रेन नंबर- 64419 (निजामुद्दीन-गाजियाबाद ईएमयू) का एक कोच पटरी से उतर गया।

    शिवाजी ब्रिज स्टेशन के पास हादसा
    यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से गाजियाबाद की ओर जा रही थी। इस दौरान शिवाजी ब्रिज स्टेशन के पास ट्रेन का 4 नंबर डिब्बा पटरी से उतर गया। उत्तरी रेलवे ने बताया कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है और न ही कोई हताहत हुआ है। ऐसे में यह राहत की बात है कि एक बड़ा हादसा टल गया। यह ट्रेन गाजियाबाद से दिल्ली के बीच चलती है। रेलवे के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

    प्लेन क्रैश में 242 लोगों ने गंवाई जान
    इससे पहले गुजरात के अहमदाबाद में बड़ा हादसा हो गया। एयर इंडिया की फ्लाइट अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के लिए टेक ऑफ हुई और कुछ ही देर में हादसे की शिकार हो गई। इसमें 242 यात्री सवार थे, जिनमें 2 पायलट और 10 क्रू मेंबर शामिल थे। इस हादसे में इन सभी की मौत हो गई। क्रैश होते ही विमान आग के गोले में तब्दील हो गया। साथ ही आस-पास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। यह हादसा अहमदाबाद हॉर्स कैंप के पास हुआ है, जो सिविल हॉस्पिटल के पास है। हादसे के बाद एयरफोर्स और आर्मी की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। NDRF की भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है।

    मुकेश अंबानी ने किया हरसंभव मदद का ऐलान, रिलायंस ने ट्वीट कर दी जानकारी

    अहमदाबाद में हादसे का शिकार हुए एयर इंडिया में कुल 12 क्रू मेंबर्स समेत कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को हुए भयावह विमान हादसे ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया है। कल अहमदाबाद से लंदन के लिए टेक-ऑफ के कुछ ही मिनटों के अंदर एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया था। इस हादसे में अभी तक 297 लोगों की मौत हो चुकी है। विमान में कुल 181 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई सवार था। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी ने इस भयानक हादसे पर दुख व्यक्त किया है और हरसंभव मदद का वादा किया है।

    मुकेश अंबानी ने क्या ऐलान किया है
    रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शुक्रवार को सुबह अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से मुकेश अंबानी के हवाले से लिखा, ”मैं और नीता, पूरे रिलायंस परिवार के साथ, अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे में हुई जानमाल की भारी क्षति से बेहद दुखी और व्यथित हैं। हम इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। दुख की इस घड़ी में, रिलायंस चल रहे राहत प्रयासों को अपना पूरा और अटूट समर्थन देता है और हर संभव तरीके से सहायता करने के लिए तैयार है। हम प्रार्थना करते हैं कि प्रभावित सभी लोगों को इस अकल्पनीय क्षति से उबरने की शक्ति और सांत्वना मिले।फ्लाइट में सवार 241 लोगों के अलावा 56 अन्य लोगों की भी मौत
    बताते चलें कि अहमदाबाद में हादसे का शिकार हुए एयर इंडिया में कुल 12 क्रू मेंबर्स समेत कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इस हादसे में ब्रिटेन का एक नागरिक बच गया, जो किसी चमत्कार से कम नहीं है। अहमदाबाद एयरपोर्ट से टेक-ऑफ करने के कुछ ही मिनटों के अंदर विमान एक रिहायशी इलाके में क्रैश हो गया था। ये विमान एयरपोर्ट के नजदीक स्थित डॉक्टरों के हॉस्टल से टकरा गया था, जिससे हॉस्टल और इसके आसपास के इलाके में कुल 56 लोगों की मौत हुई है।

    मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये देगा टाटा
    एयर इंडिया की पैरेंट कंपनी टाटा ग्रुप ने इस हादसे में मारे गए लोगों को 1-1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही, कंपनी ने कहा है कि वे घायलों के इलाज का भी पूरा खर्च उठाएगी। बताते चलें कि ये दुनिया के सबसे भयावह विमान हादसों में से एक है। इसके अलावा, इसे देश का सबसे बड़ा विमान हादसा बताया जा रहा है।