More
    Home Blog Page 30

    ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए इस खिलाड़ी को मिली कमान, स्क्वाड में इतने प्लेयर्स की हुई एंट्री

    ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय-ए महिला टीम के स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया है। स्क्वाड में श्रेयंका पाटिल और तितास साधु जैसी प्लेयर्स की वापसी हुई है।

    भारतीय-ए महिला टीम साल 2025 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मल्टीफॉर्मेट सीरीज खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर तीन टी20 और तीन वनडे मैच होंगे। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ एक चार दिवसीय मैच होगा। भारत-ए महिला टीम का ऑस्ट्रेलिया दौरा 7 अगस्त से 24 अगस्त 2025 तक चलेगा। सभी फॉर्मेट के लिए स्क्वाड की घोषणा कर दी गई है और राधा यादव को कप्तानी की जिम्मेदारी मिली है।

    श्रेयंका पाटिल को मिली जगह

    ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल और तेज गेंदबाज तितास साधु को ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए भारत-ए महिला टीम की स्क्वाड में रखा गया है। इन दोनों प्लेयर्स ने चोट के बाद वापसी की है। श्रेयंका पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में हुए महिला टी20 विश्व कप के बाद से चोट के कारण नहीं खेल पा रही थीं। उन्हें सितंबर में महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग (WCPL) में खेलने के लिए गत चैंपियन बारबाडोस रॉयल्स ने पहले ही चुन लिया है। वहीं साधु श्रीलंका में ट्राई सीरीज में नहीं खेली थीं और चोट के कारण अप्रैल में इंग्लैंड के मौजूदा दौरे के लिए भी टीम में नहीं थीं।

    राधा यादव बनीं कप्तान

    श्रेयंका पाटिल का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में खेलना बीसीसीआई ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ से मंजूरी मिलने पर निर्भर करेगा जबकि साधु को मंजूरी मिल गई है। बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव टी20, वनडे और चार दिवसीय मुकाबले में टीम की कप्तानी करेंगी। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा को भी सभी टीमों में शामिल किया गया है। शेफाली इंग्लैंड दौरे के लिए सीनियर भारतीय महिला टीम में शामिल हैं, लेकिन वहां पर वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई हैं। उन्होंने अब तक इंग्लैंड दौर पर चार मैच खेले हैं, जिसमें सिर्फ 101 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका हाईएस्ट स्कोर 47 रन रहा है।

    ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय-ए महिला टीम का स्क्वाड:

    टी20 टीम: राधा यादव (कप्तान), मिन्नू मणि (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, डी. वृंदा, सजना सजीवन, उमा छेत्री (विकेटकीपर), राघवी बिस्ट, श्रेयंका पाटिल*, प्रेमा रावत, नंदिनी कश्यप (विकेटकीपर), तनुजा कंवर, जोशिता वीजे, शबनम शकील, साइमा ठाकोर, तितास साधु।

    वनडे और मल्टी डे के लिए स्क्वाड: राधा यादव (कप्तान), मिन्नू मणि (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, तेजल हसब्निस, राघवी बिस्ट, तनुश्री सरकार, उमा छेत्री (विकेटकीपर), प्रिया मिश्रा, तनुजा कंवर, नंदिनी कश्यप (विकेटकीपर), धारा गुज्जर, जोशिता वीजे, शबनम शकील, साइमा ठाकोर, तितास साधु।

    भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्करों का हमला, BSF का जवान घायल; दो तस्कर दबोचे गए

    भारत-बांग्लादेश सीमा पर बांग्लादेश की ओर से तस्करों द्वारा लगातार घुसपैठ की कोशिशें की जा रही हैं। अब तस्करों के हमले में BSF का एक जवान घायल हो गया है। आइए जानते हैं पूरा मामला।

    पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक बार फिर बांग्लादेशी तस्करों ने बीएसएफ दक्षिण बंगाल सीमांत के सतर्क जवानों पर हमला कर जबरन तस्करी की कोशिश की। बीएसएफ की 143वीं बटालियन की सीमा चौकी तराली-1 पर तैनात सतर्क और बहादुर जवानों ने इस हमले का साहसपूर्वक सामना किया। कठिन परिस्थितियों में भी जवानों ने अत्यंत संयम बरतते हुए आत्मरक्षा में फायरिंग की और तस्करी की इस कोशिश को पूरी तरह नाकाम कर दिया। कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से 10 किलो गांजा, 100 फेंसेडिल की बोतलें और एक धारदार हथियार बरामद किया गया है। इस अभियान में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया, जिसे बाएं हाथ में चोट आई है।

    तस्करों ने कैसे किया हमला?

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 01:50 बजे की है, जब द्वितीय पाली की अग्रिम चेक पोस्ट पर ड्यूटी दे रहे जवान ने देखा कि 3 से 4 संदिग्ध व्यक्ति बैकलोड के साथ अंतर्राष्ट्रीय सीमा की ओर बढ़ रहे हैं। ड्यूटी पर तैनात जवान ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए अपने साथी को अलर्ट किया और तस्करों की दिशा में तेजी से बढ़ा। जवान ने उन्हें चुनौती देते हुए रुकने के लिए कहा, लेकिन वे नहीं रुके और पत्थरबाज़ी, गाली-गलौज व टॉर्च लाइट का प्रयोग करते हुए आक्रामक हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवान ने एक पीएजी से हवा में चेतावनी स्वरूप फायर किया। इसके बावजूद तस्कर और उग्र हो गए तथा जवान के अत्यधिक निकट आकर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

    दो संदिग्ध तस्करों को पकड़ा गया

    तस्करों के हमले में BSF का जवान घायल हो गया। इसी दौरान अन्य जवान भी मौके पर पहुंच गए। अंधेरे और पास के घरों का लाभ उठाकर तस्कर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन सतर्क जवानों ने पीछा कर दो संदिग्ध तस्करों को पकड़ लिया। उनके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और तस्करी का सामान बरामद हुआ। इसके बाद इलाके की गहन तलाशी ली गई, जिसमें 100 फेंसेडिल की बोतलें और एक तेज धारदार दाह बरामद हुआ। गिरफ्तार तस्करों को आगे की पूछताछ के लिए सीमा चौकी तराली-1 लाया गया है।

    घटना पर BSF ने क्या कहा?

    बीएसएफ दक्षिण बंगाल सीमांत के प्रवक्ता ने कहा कि हमारे कर्तव्य पथ पर इस प्रकार की घटनाएं असामान्य नहीं हैं। हमारे जवान असाधारण साहस, प्रतिबद्धता और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। बांग्लादेशी अपराधियों द्वारा जबरन घुसपैठ और लगातार हमलों को लेकर बीजीबी के साथ बार-बार फ्लैग मीटिंग कर उन्हें सचेत किया गया है, बावजूद इसके उनकी ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। बीजीबी की इस निष्क्रियता से तस्करों और अपराधियों के हौसले और बढ़ गए हैं। इसके बावजूद बीएसएफ के जवान सीमाओं की रक्षा करने और हर परिस्थिति में राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह सक्षम हैं।

    कांवड़ियों के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने का किया ऐलान, यात्रियों को होगी सुविधा, जानें कहां-कहां चलेगी?

    रेलवे ने श्रावणी मेला को देखते हुए बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में कई रूट पर कांवड़ियों की सुविधा के लिए कई स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है और कुछ ट्रेनों को विस्तार भी दिया है। ये ट्रेन पूरा सावन तक चलेंगी।

    सावन की 11 जुलाई से शुरुआत होते ही कांवड़ियों की भीड़ चल पड़ी है। उन्हें मंजिल तक पहुंचने में परेशानी न हो, भारतीय रेल ने इसके लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। कांवड़ मेला-2025 के दौरान कांवड़ियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे ने कांवड़ स्पेशल ट्रेनें चलाने, नामित ट्रेन सेवाओं को हरिद्वार तक विस्तारित करने और कुछ मौजूदा सेवाओं को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला लिया है। उधर, बिहार में जमालपुर, सुल्तानगंज, जसीडीह, वैद्यनाथधाम दुमका के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही हैं। इसके अलावा, दिल्ली से हरिद्वार, शाहदरा से ऋषिकेश तक कांवड़ स्पेशल ट्रेनें रेलवे की ओर से 11 जुलाई से चलाई जा रही हैं।

    दिल्ली से शामली तक चलने वाली ट्रेन अब हरिद्वार तक

    खबर के मुताबिक, 11 जुलाई से दिल्ली से शामली तक चलने वाली ट्रेन नंबर 74023 पैसेंजर ट्रेन का विस्तार हरिद्वार तक किया गया है। यह ट्रेन अब दिल्ली से हरिद्वार तक 11 जुलाई से 24 जुलाई तक चलेगी। दिल्ली जंक्शन से यह ट्रेन रात 08:00 बजे रवाना होगी। शामली रात 10.50 पर पहुंचेगी। फिर हरिद्वार रात एक 01:55 बजे पहुंचेगी। इसी तरह, वापसी में ट्रेन नंबर 74022 तड़के 3.05 बजे यह ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना होगी। शामली सुबह 6.25 बजे और दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सुबह 9.25 बजे पहुंचेगी।

    वाराणसी से उज्जैन के बीच है ये ट्रेन

    महाकाल एक्सप्रेस वाराणसी से उज्जैन तक चलती है। यह ट्रेन शिव की नगरी काशी यानी वाराणसी जंक्शन से होते हुए इलाहाबाद, कानपुर, झांसी होते हुए उज्जैन पहुंचाएगी। ये ट्रेन मंगलवार और गुरुवार को चलती है। आईआरसीटीसी सावन में देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए 17 जोड़ी स्पेशल ट्रेन चला रही है। श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी जिससे बिहार के यात्रियों को लाभ मिलेगा। आप इन ट्रेनों की बुकिंग IRCTC की वेबसाइट या आईआरसीटीसी रेल कनेक्ट ऐप से कर सकते हैं।

    दिल्ली शाहदरा रेलवे स्टेशन से भी एक स्पेशल ट्रेन सुबह 4:20 बजे चलेगी। यह ट्रेन शामली, टपरी, रुड़की, ज्वालापुर, हरिद्वार, मोतीचूर और रायवाला होते हुए सुबह 11 बजे योगनगरी ऋषिकेश पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन योगनगरी ऋषिकेश से रात 8:35 बजे प्रस्थान करेगी और सुबह 3:50 बजे दिल्ली शाहदरा रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।

    कंगना रनौत ने दिलजीत दोसांझ के पाक एक्ट्रेस को कास्ट करने पर किया रिएक्ट, कहा- ‘हर किसी का अपना एजेंडा है’

    ‘सरदारजी 3’ में दिलजीत दोसांझ के पाकिस्तानी एक्ट्रेस हनिया आमिर के साथ काम करने पर अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने प्रतिक्रिया दी है। साथ ही उन्होंने इसके पीछे के एजेंडे के बारे में भी बात की।

    बॉलीवुड एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनौत अक्सर कई तरह के मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखती हैं और इसी वजह से वह हमेशा सुर्खियों में रहती हैं। हाल ही में, दिलजीत दोसांझ को फिल्म ‘सरदारजी 3’ में पाकिस्तानी हीरोइन हानिया आमिर के साथ काम करने पर खूब आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, जिसके बाद ये फिल्म भारत में रिलीज नहीं हुई। यह विवाद अप्रैल में पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बाद हुआ। अब, कंगना ने दिलजीत के पाक एक्ट्रेस हानिया आमिर संग काम करने पर अपने विचार शेयर किए।

    कंगना रनौत ने बताया क्या है एजेंडा

    टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में, ‘क्वीन’ एक्ट्रेस कंगना ने कहा, ‘मैंने इन लोगों के बारे में काफी कुछ कह दिया है। हमारी बातचीत की शुरुआत में, मैंने बताया कि हमें राष्ट्र निर्माण की भावना रखने की आवश्यकता है, हर कोई इसमें हितधारक है।’ एक्ट्रेस ने कहा, ‘हमारे अंदर ऐसी भावना क्यों नहीं है? दिलजीत अपना अलग रास्ता क्यों अपना रहे हैं? किसी और क्रिकेटर का अपना अलग रास्ता क्यों होना चाहिए? यहां तक ​​कि एक सैनिक का भी राष्ट्रवाद का अपना रास्ता होता है। कोई ऐसा रास्ता अपना रहा है, बेचारा सैनिक राष्ट्रवाद का रास्ता अपना रहा है, बेचारा राजनेता राष्ट्रवाद का रास्ता अपना रहा है। कुछ लोगों का वास्तव में अपना अलग एजेंडा है।’ उन्होंने निष्कर्ष देते हुए आगे कहा, ‘मैं यह नहीं कह रही कि यह अस्वाभाविक है, लेकिन हमें सभी को एकजुट करने का प्रयास करना चाहिए और यह तभी होगा जब हम यह विचार इन राजनेताओं के सामने लाएंगे, यह आपका काम है।’

    सरदार जी 3 विवाद मामला कैसे हुआ शुरू

    हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के तनाव के बीच, सरदार जी 3 के ट्रेलर में हानिया आमिर को दिलजीत दोसांझ के साथ देख विवाद खड़ा हो गया। दिलजीत को भारत में मशहूर हस्तियों के साथ-साथ प्रशंसकों की भी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। पहलगाम हमला 22 अप्रैल को हुआ था। इसके बाद भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर चलाया, जिसके दौरान पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए गए। इसके बाद, फवाद खान, माहिरा खान, अली जफर, आतिफ असलम और राहत फतेह अली खान सहित कई पाकिस्तानी कलाकारों और हानिया के सोशल मीडिया अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिए गए।

    कंगना रनौत का वर्कफ्रंट

    इस बीच, काम की बात करें तो कंगना रनौत आखिरी बार अपनी निर्देशित पहली फिल्म ‘इमरजेंसी’ में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभाया था। इसके अलावा, कंगना ए.एल. विजय द्वारा निर्देशित तमिल साइको थ्रिलर में आर. माधवन के साथ दिखाई देंगी। उनकी अपकमिंग फिल्म में ‘भारत भाग्य विधाता’ भी शामिल है।

    फिर दिखी CM मोहन यादव की सादगी, भोपाल की सड़कों पर खरीदा फल, ट्रैफिक लाइट पर रोकी कार; कोई काफिला नहीं

    सीएम मोहन यादव एक बार फिर अपने चीर-परिचित अंदाज में आम लोगों के बीच पहुंचे। गुरुवार की रात सीएम मोहन यादव सड़क किनारे ठेले से फल खरीदते दिखे। इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक नियमों का भी आम लोगों की तरह ही पालन किया।

    भोपाल: मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव की सादगी एक बार फिर देखने को मिली है। यहां राजधानी भोपाल के निवासी उस वक्त चौंक गए, जब 10 जुलाई की रात प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव अचानक उनके बीच जा पहुंचे। सीएम डॉ. मोहन यादव ने बाजार में न केवल आम जनता से मुलाकात की बल्कि उनका हालचाल भी जाना। सीएम मोहन यादव ने ठेले वाले से फल भी खरीदे। इस दौरान उन्होंने फल बेचने वाले को डिजीटल पेमेंट भी किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक नियमों का पालन भी किया। सीएम मोहन यादव ट्रैफिक लाइट पर काफी देर तक रुके रहे।

    प्रोटोकॉल तोड़कर जनता के बीच पहुंचे सीएम

    गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने चिर-परिचित अंदाज में सारे प्रोटोकॉल तोड़कर न्यू मार्केट में जनता के बीच पहुंच गए। उन्होंने यहां एक विक्रेता से खुद फल खरीदे। उन्होंने फल खरीदने के बाद तत्काल डिजिटल भुगतान भी कर दिया। उन्होंने ने ठेले वालों से उनके व्यवसाय के संबंध में बातचीत भी की। इस दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव ने आम जनता का भी हालचाल जाना। सीएम मोहन यादव को अपने बीच देखकर आम लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला।

    सिग्नल पर रोकी गाड़ी

    बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सादगी के साथ सिर्फ दो वाहनों में बाजार पहुंचे। यहां करीब 15 मिनट तक रुक कर उन्होंने फल खरीदा और फिर अपने निवास की ओर लौट गए। उनका यह अंदाज लोगों को चौंका गया। इतना ही नहीं लौटते समय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रेड सिग्नल पर खुद गाड़ी रोककर ट्रैफिक नियमों का पालन किया। इस तरह उन्होंने यह भी स्पष्ट संदेश दिया कि कानून का पालन हर नागरिक का कर्तव्य है, चाहे वह आम हो या विशेष। उनका सादगीपूर्ण व्यवहार प्रदेशवासियों को यह प्रेरणा देता है कि नेतृत्व का अर्थ केवल उच्च पद पर बैठना नहीं, बल्कि आचरण से उदाहरण प्रस्तुत करना भी होता है।

    बाहुबली: द बिगिनिंग’ को हुए 10 साल तो मेकर्स ने ट्विस्ट के साथ दिया सरप्राइज, बता दी ‘बाहुबली: द एपिक’ की रिलीज डेट

    बाहुबली: द बिगिनिंग’ को बड़े पर्दे पर रिलीज हुए 10 साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर मेकर्स ने फैंस को बड़ा तोहफा दिया है। मेकर्स ने ‘बाहुबली: द एपिक’ का ऐलान कर दिया है। जानें ये कब रिलीज होगी।साल 2015 में भारतीय सिनेमा में एक बड़ा बदलाव आया जब ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’ फिल्म आई। यह एक ऐसी जबरदस्त एक्शन फिल्म थी जिसने सिनेमा की सोच को ही बदल दिया और पूरे देश में एक नई पहचान बना ली। अब दस साल बाद ये फिल्म एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट रही है, लेकिन इस बार एक बड़ा ट्विस्ट है। दोनों भागों को मिलाकर इस बार इसे रिलीज किया जाएगा। बाहुबली फिर से सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इस बार इसका अंदाज पहले से भी धांसू होगा। ये फिल्म 31 अक्टूबर 2025 को आ रही है ।

    फिर बड़े पर्दे पर आएगी बाहुबली की कहानी
    इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए मेकर्स ने ‘बाहुबली: द एपिक’ के बड़े रिलीज का ऐलान किया है। इस बार फैंस को दोनों भागों को एक साथ देखने का मौका मिलेगा, वो भी वहीं जहां इसका असली मजा है यानी सिनेमा हॉल में। इस ऐलान को निर्देशक एस. एस. राजामौली ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। उनके साथ-साथ फिल्म के बाकी मेकर्स ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर यह खबर पोस्ट की है। उन्होंने क्या कहा चलिए आपको बताते हैं।

    क्या बोले राजामौली?
    निर्देशक एस. एस. राजामौली ने पोस्ट में लिखा, ‘बाहुबली…कई सफर की शुरुआत, बेशुमार यादें और कभी न खत्म होने वाली प्रेरणा। 10 साल हो गए। इस खास मौके को मना रहे हैं बाहुबली द एपिक के साथ, दोनों भागों को मिलाकर एक फिल्म के रूप में। दुनियाभर के सिनेमाघरों में 31 अक्टूबर 2025 को रिलीज होगी।’ इस ऐलान के सोशल मीडिया पर आते ही फैंस उत्साहित हो गए हैं।

    Geo-Thermal Energy Policy 2025 क्या है, इसकी क्यों जरूरत पड़ी, इससे क्या फायदा होगा

    सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में कल देहरादून में कैबिनेट की बैठक की गई। इस बैठक में कैबिनेट ने जियो थर्मल उर्जा नीति को मंजूरी दे दी है। बता दें कि इसके तहत जमीन की गर्मी से बिजली पैदा की जाएगी।उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मंत्रिमंडल की बैठक की गई। इस बैठक में कुल 6 अहम प्रस्तावों को मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी। इस बैठक में सबसे अहम निर्णय जियो थर्मल उर्जा नीति को लेकर लिया गया, जिसके तहत थर्मल उर्जा नीति के प्रस्ताव को उत्तराखंड कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। बता दें कि यह नीति राज्य में वैकल्पिक उर्जा के स्त्रोत के विकास को बढ़ावा देगी, साथ ही उर्जा के क्षेत्र में उत्तराखंड की आत्मनिर्भरता भी बढ़ेगी। बता दें कि इस पॉलिस के तहत राज्य में निजी क्षेत्र की भागीदारी से जमीन की गर्मी से बिजली पैदा की जाएगी।उत्तराखंड में जियो थर्मल उर्जा प्रस्ताव को मिली मंजूरी
    बता दें कि जियो थर्मल परियोजनाओं का आवंटन 30 साल के लिए किया जाएगा। राज्य में इसे लेकर पहले ही 40 ऐसे स्थानों को चिह्नित किया जा चुका है, जहां परियोजना के लिए प्लांट लगाया जाएगा। बता दें कि यह नीति राज्य की सभी भूतापीय परियोजनाओं पर लागू होगी। यूजेवीएनएल और उरेडा के सहयोग से इस नीति का क्रियान्वयन किया जाएगा। बुधवार को राज्य सचिवालय में सीएम धामी के नेतृत्व में मंत्रिमंडल की बैठक संपन्न हुई। उर्जा विभाग द्वारा बताया गया कि राज्य में आर्थिक एवं पर्यावरणीय व्यवहारिकता को देखते हुए जियो थर्मल संसाधनों की खोज एवं पहचान के लिए तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित किया जाएगा।

    बुजुर्गों की पेंशन योजना में संशोधन को मिली मंजूरी
    इसके अलावा इस बैठक में विभागीय कामकाज को बेहतर बनाने के लिए दो प्रमुख विभागों में पदों की संख्या को बढ़ाने का भी फैसला लिया गया है। बता दें कि सतर्कता विभाग में 20 नए पद सृजित कि जाएंगे। इस कारण इस विभाग में पदों की संख्या 136 से पढ़कर 156 हो जाएगा। इसके अलावा जीएसटी विभाग में भी पदों की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि टैक्स के कलेक्शन की निगरानी प्रक्रिया को मजबूत किया जा सके। साथ ही खनन क्षेत्र में पारदर्शिता और विकास को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड राज्य में खनन न्यास के गठन को भी कैबिनेट की हरी झंडी मिल गई है। साथ ही धामी सरकार ने बुजुर्गों के लिए पेंशन योजना में भी अहम बदलाव किए हैं। दरअसल सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन योजना में संशोधन को मंजूरी दे दी है।

    इससे क्या फायदा होगा और क्यों इसकी जरूरत पड़ी?
    दरअसल राज्य सरकार कार्बन उत्सर्जन को कम करके और दीर्घकालिक पर्यावरणीय एवं उर्जा लक्ष्यों में योगदान देकर भू-तापीय उर्जा के माध्यम से राज्य की उर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की योजना बना रही है। साथ ही इसके जरिए राज्य में सरकार वैकल्पिक उर्जा के स्त्रोत को बढ़ावा देना चाहती है। इससे उर्जा के क्षेत्र में उत्तराखंड की आत्मनिर्भरता भी बढ़ेगी। बता दें कि इसके जरिए राज्य सरकार जियो थर्मल संसाधनो की खोज एवं उनके पहचान के लिए वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान को भी बढ़ावा देगी।

    उफनते नाले में बह गई कार, तीनों सवारों ने यूं बचाई जान; VIDEO आप भी देखें

    सागर जिले से एक दिल दहलाने वाला वीडियो सामने आया है। एक कार अचानक उफनते नाले के पानी में बह गई, जिसमें तीन लोग सवार थे।मध्य प्रदेश: मानसूनी बारिश का कहर पूरे देश में जारी है और मध्य प्रदेश भी इससे अछूता नहीं है। प्रदेश के सागर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां बंडा थाना क्षेत्र के बरायठा में एक कार उफनते नाले के तेज बहाव में बह गई। इस कार में तीन लोग सवार थे, जिन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए कार से कूदकर अपनी जान बचा ली।कार नियंत्रण खोकर बह गई
    जानकारी के अनुसार, यह घटना खैरवाहा के रिपटा नाले पर हुई। कार में सवार तीनों युवक उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और अपने घर मड़ावरा जा रहे थे। उन्होंने नाले के ऊपर से बह रहे पानी के तेज बहाव के बावजूद कार निकालने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज़ था कि कार नियंत्रण खोकर बह गई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। तीनों युवकों ने समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

    नदियों का जलस्तर बढ़ा
    वहीं, मध्य प्रदेश में आज भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे राज्य में मॉनसून सक्रिय रहेगा और दक्षिणी एवं मध्य भारत में भारी वर्षा हो सकती है। तापमान सामान्य से कम रहने की उम्मीद है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है और कुछ स्थानों पर नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की आशंका भी है। खास तौर से भोपाल में अधिकतम तापमान 28-30°C और न्यूनतम तापमान 22-24°C रहने की संभावना है, साथ ही हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

    मध्य प्रदेश में भारी बारिश के कारण कई जिलों में जलभराव का खतरा भी बताया गया है, जिनमें नरसिंहपुर, विदिशा, छिंदवाड़ा, जबलपुर, रतलाम, इंदौर, धार, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, अशोकनगर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, रीवा, सतना, छतरपुर, गुना, शिवपुरी, सागर, हरदा और दमोह शामिल हैं।

    सावन के महीने में हुआ है आपका जन्म? ये खूबियां बनाएंगी आपको सबसे अलग

    सावन का महीना भोलेनाथ की कृपा प्राप्त करने के लिए बेहद खास माना जाता है। ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि जिन लोगों का जन्म इस माह में होता है उनमें क्या खूबियां देखने को मिलती है।सावन के महीने को धार्मिक दृष्टि से बेहद खास माना जाता है। इस माह में देवों के देव महादेव की पूजा की जाती है। शिव भक्त इस दौरान महादेव की भक्ति में लीन रहते हैं। ऐसे में इस माह में जन्म लेने वालों पर भी भोलेनाथ की कृपा बताई जाती है। हम भी आज आपको बताने वाले हैं कि सावन के माह में जिन लोगों का जन्म होता है उनमें क्या खूबियां देखने को मिलती हैं।
    धर्म और आध्यात्म में रुचि- जिन लोगों का जन्म सावन के महीने में होता है वो धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं। इसलिए इनका घर परिवार का माहौल भी आपको सकारात्मक मिलता है।

    रचनात्मक- सावन के महीने में जन्म लेने वाले लोग रचनात्मक गतिविधियों में भी हिस्सा लेते हैं। आप इन्हें संगीत, अभिनय आदि के क्षेत्र में देख सकते हैं। दुनिया को दिखाने के लिए नहीं बल्कि खुद को संतुष्ट और व्यस्त रखने के लिए भी ये लोग कला का सहारा ले सकते हैं।

    किसी को नहीं देते धोखा- सावन के महीने में जन्म लेने वाले लोगों को ईमानदार माना जाता है। जिस किसी से भी ये नजदीक होते हैं उसे किसी भी हालात में धोखा नहीं देते। इसलिए सामाजिक स्तर पर इनकी पकड़ अच्छी हो सकती है। इनके की मित्र होते हैं।

    भावुकता- इस महीने में जन्म लेने वाले लोग बेहद भावुक आपको नजर आ सकते हैं। ये अपने आसपास के लोगों को परेशान नहीं देख सकते, दूसरों की पीड़ा को ये अपनी पीड़ा समझ लेते हैं। इसलिए अपने करीबियों की मदद करने के लिए ये हमेशा तैयार रहते हैं।

    करियर और शिक्षा- इन लोगों को शिक्षा और करियर के क्षेत्र में भी अच्छे परिणाम मिलते हैं। भोलेनाथ की कृपा से ये उच्च पदों तक पहुंचने में भी कामयाब रहते हैं। ज्यादातर इन लोगों को क्रिएटिव फील्ड में सफल होते देखा गया है।

    पारिवारिक जीवन- घर परिवार में ये एक लीडर की तरह अपने घर को व्यस्थित रखते हैं। अगर ये घर के बड़े हों तो अपनी बातों से सबको प्रभावित करते हैं, अगर छोटे हों तो आदर-सत्कार से ये बड़ों का दिल जीतने वाले होते हैं। अपनी जिम्मेदारियों को इस माह में जन्म लेने वाले भलीभांति समझते हैं और उन्हें निभाते भी हैं।

    कर्नाटक में राजनीतिक उथल-पुथल, डीके शिवकुमार ने प्रियंका गांधी से की मुलाकात, आज दिल्ली पहुंचेंगे सीएम सिद्धारमैया

    कर्नाटक में इन दिनों राजनीतिक उथल-पुथल मचा हुआ है। दरअसल डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने आज दिल्ली में प्रियंका गांधी से मुलाकात की है। वहीं सीएम सिद्धारमैया आज दिल्ली पहुंचने वाले हैं।
    कर्नाटक के मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार इन दिनों दिल्ली में हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भी आज दोपहर दिल्ली पहुंचने वाले हैं। डीके शिवकुमार केंद्रीय वन मंत्री और जल शक्ति मंत्री के साथ बैठक के लिए पहुंच चुके हैं। वहीं सीएम सिद्धारमैया आज शाम रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करेंगे। दरअसल इन दिनों दोनों नेताओं की दिल्ली में मौजूदगी से राज्य में राजनीतिक उथल-पुथल की अटकलों को बल मिला है। हालांकि डीके शिवकुमार ने इन अटकलों का खंडन किया है। कर्नाटक में बारी-बारी से मुख्यमंत्री बनने के बारे में सवाल पूछे जाने पर उपमुख्यमंत्री ने कहा, “यह अटकलें आपके मन में हैं, मेरी नजर और कानों में नहीं।”
    क्या बोले डीके शिवकुमार
    डीके शिवकुमार ने आगे कहा, “कर्नाटक में मंत्रिमंडल में फेरबदल की कोई योजना नहीं है।” पार्टी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला द्वारा सभी विधायकों और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर, डीके शिवकुमार ने कहा, “यह राज्य में पार्टी के संगठन को मजबूत करने की एक कवायद है, क्योंकि राज्य में 30-40 जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष नियुक्त किए जाने हैं।” उन्होंने दावा किया कि इस कवायद को कैबिनेट फेरबदल की समीक्षा के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। बता दें कि उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार कल विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने आज सुबह 10 जनपथ पर पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की है।

    पांच साल तक सीएम बना रहूंगा: सिद्धारमैया
    कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच बीते दिनों मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सस्पेंस खत्म करते हुए कहा था कि मैं पांच साल तक कर्नाटक का सीएम बना रहूंगा। इसमें किसी को संदेह नहीं होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी एकजुट है और यह सरकार पांच साल तक “चट्टान की तरह मजबूत” रहेगी। रिपोर्टर्स ने जब उनसे यह सवाल किया कि क्या वह पांच साल तक सीएम बने रहेंगे। इस पर सिद्धारमैया ने कहा कि हां मैं पांच साल तक सीएम रहूंगा। इसमें कोई शक नहीं। आपको संदेह क्यों है? उधर, डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने भी कहा कि पार्टी किसी तरह का असंतोष नहीं है।