More
    Home Blog Page 29

    CM मोहन यादव की दुबई यात्रा का दूसरा दिन, विदेश में व्यापार पर दिग्गजों से चर्चा; MP बनेगा लॉजिस्टिक हब

    भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई में एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान यूएई के विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी के साथ भारत-यूएई समग्र आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) के तहत आर्थिक और औद्योगिक सहयोग को विस्तार देने पर गहन चर्चा की। सीएम मोहन यादव ने कहा कि भारत-यूएई CEPA एक मजबूत आर्थिक आधार प्रदान करता है। मध्य प्रदेश इस साझेदारी का पूर्ण लाभ उठाकर निवेश, व्यापार और तकनीकी सहयोग के नए द्वार खोलने के लिए तैयार है।

    मध्य प्रदेश: निवेश का नया वैश्विक केंद्र

    सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश भौगोलिक स्थिति, उन्नत बुनियादी ढांचे और बेहतर उद्योग नीति समर्थन ने इसे लॉजिस्टिक्स, मैन्युफैक्चरिंग और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में एक उभरते निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने विशेष रूप से ऑटोमोबाइल, फार्मा, टेक्सटाइल, रक्षा विनिर्माण और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्रों में यूएई के निवेश का स्वागत किया।

    खाद्य और कृषि तकनीक में सहयोग

    सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश देश का अग्रणी सोयाबीन, दाल और जैविक उत्पादक राज्य है। उन्होंने खाद्य प्रसंस्करण और कृषि-तकनीक में यूएई के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई, जिससे भारत और खाड़ी देशों के बीच कृषि आपूर्ति श्रृंखला को सशक्त किया जा सके।

    जून में 2.10% रही खुदरा मुद्रास्फीति, 6 साल के निचले स्तर पर पहुंची महंगाई

    सब्जी, दाल, मांस, मछली, अनाज, चीनी, मसाले और दूध समेत अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में नरमी से खुदरा महंगाई दर जून 2025 में घटकर 6 साल के निचले स्तर 2.1 प्रतिशत पर आ गई। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति (CPI) मई में 2.82 प्रतिशत और जून, 2024 में 5.08 प्रतिशत के स्तर पर थी। ये लगातार पांचवां महीना है जब मुद्रास्फीति भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के मध्यम अवधि के 4% के लक्ष्य से नीचे रही है और लगातार आठवां महीना है जब ये केंद्रीय बैंक के 6% के ऊपरी सहनशीलता बैंड के नीचे रही है।

    मई 2025 के मुकाबले जून में 0.72 प्रतिशत घटी खुदरा मुद्रास्फीति

    सोमवार को सरकार द्वारा जारी रिपोर्ट में ये बात सामने आई है। खुदरा महंगाई गिरने से देश के करोड़ों आम लोग काफी राहत महसूस कर रहे हैं। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) ने एक बयान में कहा, “मई 2025 की तुलना में जून 2025 में मुद्रास्फीति में 72 बेसिस पॉइंट्स (0.72 प्रतिशत) की गिरावट आई है। ये जनवरी 2019 के बाद साल-दर-साल सबसे कम मुद्रास्फीति है।” इसी के साथ, जून लगातार दूसरा महीना रहा जब महंगाई दर 3% से नीचे रही। इससे पहले जनवरी, 2019 में यह 1.97 प्रतिशत दर्ज की गई थी। इस साल मई में खुदरा मुद्रास्फीति 2.82% पर थी, जबकि जून 2024 में ये 5.08% पर थी।

    इस साल लगातार 3 बार रेपो रेट में कटौती कर चुका है आरबीआई

    खुदरा महंगाई के ये आंकड़े आरबीआई द्वारा रेपो रेट को 50 बेसिस पॉइंट्स (0.50 प्रतिशत) घटाकर 5.5% करने के एक महीने बाद आए हैं। बताते चलें कि आरबीआई ने इस साल लगातार तीसरी बार रेपो रेट में कटौती की है। आरबीआई ने वित्त वर्ष 2026 के लिए अपने सीपीआई मुद्रास्फीति पूर्वानुमान को अप्रैल में लगाए गए 4% के अनुमान को घटाकर 3.70% कर दिया है। आरबीआई के मुताबिक, मुद्रास्फीति दर चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 2.9%, दूसरी तिमाही में 3.4%, तीसरी तिमाही में 3.5% और चौथी तिमाही में 4.4% रहने का अनुमान है।

    बिग बॉस फेम एक्ट्रेस के घर हुई चोरी, छलके आंसू, बताया जब कुक को पकड़ा तो क्या-क्या हुआ

    बिग बॉस और स्प्लिट्सविला जैसे शोज का हिस्सा रह चुकीं कशिश कपूर ने 9 जुलाई 2025 को अंबोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने अपने हाउस हेल्प सचिन कुमार चौधरी पर 7 लाख रुपये चोरी करने का आरोप लगाया था।टीवी एक्ट्रेस और बिग बॉस 18 फेम कशिश कपूर ने अपने घर से नकदी गायब होने का पता चलने के बाद अपने हाउस हेल्पर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। बिग बॉस 18 और स्प्लिट्सविला 5 में अपनी दमदार उपस्थिति के लिए मशहूर कशिश कपूर ने 9 जुलाई, 2025 को अंबोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने अपने घरेलू सहायक सचिन कुमार चौधरी पर कथित तौर पर 7 लाख रुपये चुराने का आरोप लगाया था। कशिश कपूर के बयान और पुलिस सूत्रों के अनुसार, रियलिटी शो स्टार ने अपनी मां को देने के लिए अलमारी में 7 लाख रुपये रखे थे। लेकिन 9 जुलाई को कपूर को पैसे नहीं मिले।

    7 में से सिर्फ ढाई लाख ही मिले
    9 जुलाई को जब कशिश ने अलमारी चेक की तो उसमें केवल 2.5 लाख रुपये मिले और बाकी रकम गायब थी। शक चौधरी पर गया, जो पिछले पांच महीनों से उनके घर में काम कर रहा था। जब उससे पूछताछ की गई, तो उसने कथित तौर पर अपनी जेब से 50,000 रुपये निकाले और फिर घर से भाग गया। इसके बाद कशिश ने तुरंत कार्रवाई की, बिल्डिंग सिक्योरिटी को बुलाया और सीधे पुलिस स्टेशन पहुंचकर, उन्होंने औपचारिक रूप से भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 के तहत एफआईआर दर्ज कराई। अंबोली पुलिस ने आधिकारिक जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश कर रही है।

    कशिश ने शेयर किया वीडियो
    अब कशिश कपूर ने इस चोरी के संबंध में एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह इस घटना को लेकर बेहद इमोशनल लग रही हैं। कशिश इस वीडियो में कहती हैं- ‘मैंने उस शख्स पर भरोसा किया था, लेकिन उसने मेरी भावनाओं और विश्वास, दोनों को ठेस पहुंचाई है और मैंने तुरंत पुलिस कार्रवाई की मांग की है।’ उन्होंने आगे बताया कि आरोपी ने दावा किया था कि उसने गायब हुई राशि में से 50,000 रुपये लिए हैं। इस घटना को लेकर कशिश बेहद निराश हैं। उन्होंने अपनी निराशा व्यक्त करते हुए एक सार्वजनिक बयान भी जारी किया।

    IND vs ENG: लॉर्ड्स टेस्ट के बीच टीम इंडिया के गेंदबाज को लगा तगड़ा झटका, ICC ने लिया बड़ा एक्शन

    भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में चौथे दिन जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। टीम इंडिया को अब 5वें दिन जीत के लिए 135 रनों की दरकार है। भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में तीसरा टेस्ट जारी है। चौथे दिन दोनों टीमों के बीच जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिली। इंग्लैंड की दूसरी पारी 192 रनों पर सिमट गई। इस तरह टीम इंडिया को जीत के लिए 193 रनों का लक्ष्य मिला। इसके जवाब में जब टीम इंडिया अपनी दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी तो इंग्लैंड के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए भारत के 4 बल्लेबाजों को 58 रन के भीतर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। अब टीम इंडिया को जीत के लिए 135 रनों की दरकार है। वहीं, इंग्लैंड को जीत के लिए भारत के 6 विकेट चटकाने हैं।

    सिराज की हरकत पर ICC ने लिया कड़ा एक्शन
    चौथे दिन लॉर्ड्स में जबरस्त खेल ही देखने को नहीं मिला बल्कि खिलाड़ियों के बीच जोरदार बहस भी हुई। दरअसल, तीसरे दिन का रोमांच चौथे दिन की शुरुआत में भी मैदान पर बरकरार रहा। इंग्लैंड की दूसरी पारी के दौरान मोहम्मद सिराज और इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन डकेट के बीच तीखी बहस हुई। सिराज बेन डकेट (12) को आउट करने के बाद जोश में आ गए। इस विकेट का जश्न मनाने के दौरान सिराज का कंधा बेन डकेट से टकरा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। अब इस घटना पर बड़ा अपडेट सामने आया है। ICC ने सिराज की इस हरकत पर बड़ा एक्शन लिया है। बता दें, इंग्लैंड की दूसरी पारी के छठे ओवर में सिराज ने सलामी बल्लेबाज बेन डकेट को आउट करने के बाद करीब आकर आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया था। इस हरकत की सजा अब सिराज को मिली है।

    मैच फीस का 15 प्रतिशत फाइन लगा
    ICC ने मोहम्मद सिराज पर 15 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया है। सिराज पर ये जुर्माना ICC कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 के उल्लंघन के लिए लगाया गया है। सिराज को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सपोर्ट पर्सनल के लिए ICC कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया, जो किसी इंटरनेशनल मैच के दौरान बल्लेबाज के आउट होने पर उसकी भाषा, क्रिया या हावभाव का अपमान करने या आक्रामक प्रतिक्रिया को भड़काने से संबंधित है।

    इसके अलावा, सिराज के डिसिपलनरी रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ दिया गया है, जो 24 महीने की अवधि में उनका दूसरा अपराध था, जिससे 24 महीने की अवधि में उनके डिमेरिट अंकों की संख्या दो हो गई है। सिराज को अपना पिछला डिमेरिट अंक 7 दिसंबर 2024 को एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान मिला था।

    एयर इंडिया प्लेन क्रैश की रिपोर्ट आने के बाद एतिहाद एयरवेज और दक्षिण कोरिया ने उठाया बड़ा कदम

    गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का प्लेन क्रैश होने के बाद प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सामने आई है। इस बीच एतिहाद एयरवेज ने अपने पायलटों को फ्यूल कंट्रोल स्विच के संचालन में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।अबू धाबी स्थित एतिहाद एयरवेज ने अपने पायलटों को बोइंग 787 विमानों पर ईंधन नियंत्रण स्विच का संचालन करते समय ‘सावधानी बरतने’ का निर्देश जारी किया है, साथ ही उनके लॉकिंग तंत्र के निरीक्षण का भी आदेश दिया है। यह निर्देश 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया प्लेन क्रैश की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद जारी किए गए हैं। प्लेन क्रैश की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि विमान दोनों ईंधन स्विच उड़ान भरने के तुरंत बाद ‘रन’ से ‘कटऑफ’ स्थिति में आ गए थे।दक्षिण कोरिया उठाने जा रहा है एहतियाती कदम
    मीडिया रिपोर्ट्स अनुसार, दक्षिण कोरिया भी अब एहतियाती कदम उठाने जा रहा है। दक्षिण कोरिया बोइंग विमानों का संचालन करने वाली अपनी सभी एयरलाइनों को ईंधन नियंत्रण स्विच की जांच करने का आदेश देने की तैयारी कर रहा है। एतिहाद एयरवेज की ओर से पायलटों को दिए गए आदेश और दक्षिण कोरिया द्वारा अपनी एयरलाइनों के लिए इसी तरह के कदम की योजना, अमेरिकी संघीय उड्डयन प्रशासन (FAA) और बोइंग की एक अधिसूचना के बाद आई है। FAA और बोइंग की अधिसूचना में कहा गया है 787 सहित उसके विमानों के ईंधन नियंत्रण स्विच असुरक्षित नहीं थे।

    एतिहाद एयरवेज ने जारी किया बुलेटिन
    मीडिया रिपोर्ट्स अनुसार एतिहाद एयरवेज ने 12 जुलाई को, जिस दिन एयर इंडिया विमान दुर्घटना की जांच रिपोर्ट जारी हुई थी, एक बुलेटिन जारी किया था। बुलेटिन में पायलटों से “ईंधन नियंत्रण स्विच या अपने आस-पास के किसी भी अन्य स्विच/नियंत्रण को संचालित करते समय सावधानी बरतने” के लिए कहा गया था। एयरलाइन का कहना था कि यह कदम “अत्यधिक सावधानी” के तौर पर उठाया जा रहा है।

    क्या कहती है एयर इंडिया प्लेन क्रैश की जांच रिपोर्ट
    गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून को एअर इंडिया का बोइंग 787 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में कुल 260 लोगों की मौत हो गई थी। विमान में सवार 242 लोगों में से केवल एक व्यक्ति जीवित बचा था। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की ओर से जारी प्रारंभिक रिपोर्ट में कई अहम खुलासे किए हैं। रिपोर्ट में हादसे की वजह इंजनों के ईंधन का ‘कट ऑफ’ होना बताया गया है।

    पायलट और को-पायलट में क्या बात हुई?
    रिपोर्ट में कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर में इंजन बंद होने को लेकर पायलट और को-पायलट के बीच बातचीत को शामिल किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक पायलट सुमित सभरवाल ने अपने को-पायलट क्लाइव कुंदर से सवाल पूछा- तुमने इंजन ईंधन क्यों बंद किया? इसके जवाब में को-पायलट क्लाइव कुंदर ने कहा, मैंने नहीं किया। ऐसे में यह एक संभावित तकनीकी खामी हो सकती है।

    क्या कहती है 15 पन्नों की रिपोर्ट?
    AAIB की 15 पन्नों की रिपोर्ट में पता चला है कि टेकऑफ के कुछ सेकंड ही बाद विमान के दोनों इंजन अचानक अपने आप बंद हो गए थे, जिससे विमान क्रैश हो गया। विमान के 180 नॉट्स की अधिकतम इंडिकेटेड एयरस्पीड हासिल के तुरंत बाद इंजन-1 और इंजन-2 के फ्यूल ‘कटऑफ’ स्विच (जो इंजन को ईंधन भेजते हैं) ‘रन’ से ‘कटऑफ ’ की स्थिति में चले गए। ईंधन के बंद होते दोनों इंजन के एन-1 और एन-2 की स्पीड तेजी से कम होने लगी थी।

    CM मोहन यादव ने रक्षाबंधन के लिए ‘राखी गिफ्ट’ का किया ऐलान, दीपावली के लिए भी बड़ी घोषणा; महिलाओं को मिलेगा फायदा

    मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने घोषणा की है कि लाडली बहना योजना के तहत दी जाने वाली मासिक सहायता राशि अक्टूबर से 1,250 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये कर दी जाएगी। इसके अलावा उन्होंने रक्षाबंधन से पहले राखी गिफ्ट के तहत महिलाओं को 250 रुपये देने की घोषणा की है।
    भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार (12 जुलाई) को ‘लाडली बहना योजना’ के सभी 1.27 करोड़ लाभार्थियों के लिए 250 रुपये के विशेष ‘राखी गिफ्ट’ की घोषणा की। यह एकमुश्त गिफ्ट इस साल 9 अगस्त (शनिवार) को पड़ने वाले रक्षाबंधन से पहले वितरित किया जाएगा। बता दें कि उज्जैन जिले के नलवा गांव में एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा, “रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के पवित्र बंधन का प्रतीक है। हमारी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि प्रत्येक लाडली बहना को उस प्रेम के प्रतीक के रूप में यह उपहार मिले।लाडली बहना योजना की राशि बढ़ेगी
    इसके अलावा मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आगे घोषणा की कि लाडली बहना योजना के तहत मासिक वित्तीय सहायता अक्टूबर से बढ़ाई जाएगी। फिलहाल यह 1,250 रुपये है, जिसे अक्टूबर से बढ़ाकर 1,500 रुपये कर दिया जाएगा। यह बढ़ोतरी दीपावली के तुरंत बाद 23 अक्टूबर को भाई दूज से लागू होने वाली है। इस दौरान राज्य सरकार ने मासिक राशि को धीरे-धीरे बढ़ाकर 3,000 रुपये करने की अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता भी दोहराई।

    राजकीय समारोह में बड़े पैमाने पर धन हस्तांतरण
    कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वित्तीय सहायता की 26वीं किस्त के रूप में 1.27 करोड़ योजना लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे 1,543.16 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 30 लाख से अधिक महिलाओं को एलपीजी सब्सिडी के रूप में 46.34 करोड़ रुपये और विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 56.74 लाख लाभार्थियों को 340 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की।

    लाडली बहना योजना का राजनीतिक प्रभाव
    लाडली बहना योजना मूल रूप से मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 10 जून, 2023 को शुरू की गई थी, जिसमें शुरुआती मासिक सहायता 1000 रुपये थी। तब से इसमें समय-समय पर बढ़ोतरी होती रही है और नवंबर 2023 में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में भाजपा के मजबूत प्रदर्शन में यह एक महत्वपूर्ण कारक रही।

    Gold Rate Today: लगातार दूसरे दिन महंगा हुआ सोना, आज इतने बढ़े दाम, जानें चांदी की कीमत

    आज 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 600 रुपये बढ़कर 98,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। गुरुवार को ये 200 रुपये की तेजी के साथ 98,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

    Gold Price Today: शुक्रवार को सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेजी दर्ज की गई है। आज राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 700 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 99,370 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। वैश्विक व्यापार तनाव बढ़ने से निवेशकों में चिंता के बीच सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग बढ़ने से सोने की कीमतों में तेजी आई है। बताते चलें कि गुरुवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 250 रुपये बढ़कर 98,670 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

    आज चांदी के भाव में भी दर्ज की गई बढ़ोतरी

    इसके अलावा, आज 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 600 रुपये बढ़कर 98,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। गुरुवार को ये 200 रुपये की तेजी के साथ 98,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सोने के साथ-साथ आज चांदी की कीमत में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार को चांदी की कीमत 1500 रुपये बढ़कर 1,05,500 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। गुरुवार को चांदी बिना किसी बदलाव के 1,04,000 रुपये प्रति किलो पर स्थिर रही थी।

    शुक्रवार को सोने के भाव में क्यों आई तेजी

    एचडीएफसी सिक्योरिटीज में सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘बढ़ती व्यापार चिंताओं ने आमतौर पर स्थिर अमेरिकी डॉलर के संतुलित रुख को बिगाड़ दिया है, जिससे शुक्रवार को सोने की कीमतों में तेजी आई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हाल में टैरिफ से जुड़ी चेतावनियों के कारण वैश्विक जोखिम धारणा में कमी आई। इससे वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंका बढ़ गई।’’

    ट्रंप के टैरिफ की वजह से सुरक्षित निवेश का रुख 

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 1 अगस्त से कनाडा से आयातित वस्तुओं पर 35 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की है और अन्य व्यापारिक साझेदारों पर 15 से 20 प्रतिशत टैरिफ लगाने की योजना का संकेत दिया है। गांधी ने कहा कि टैरिफ संबंधी अनिश्चितता इस हफ्ते फिर से सामने आई है और ये सुरक्षित निवेश वाली कीमती धातुओं की ओर निवेश को बढ़ावा देने वाला एक प्रमुख कारक है। बाजार के दृष्टिकोण के बारे में, उन्होंने कहा कि टैरिफ संबंधी आगे की गतिविधियां निकट भविष्य में कीमती धातुओं की कीमतों की दिशा को प्रभावित करेंगी।

    अंतरराष्ट्रीय बाजार में कैसा रहा सोने-चांदी का हाल

    अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना 24.63 डॉलर या 0.74 प्रतिशत बढ़कर 3348.67 डॉलर प्रति औंस हो गया। विदेशी बाजारों में हाजिर चांदी भी 1.64 प्रतिशत बढ़कर 37.61 डॉलर प्रति औंस हो गई। कमोडिटी मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार, निवेशक मंगलवार को जारी होने वाले जून के अमेरिकी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) के आंकड़ों का इंतजार करेंगे, जो सर्राफा कीमतों की दिशा के लिए एक महत्वपूर्ण संकेतक होगा।

    वैश्विक दिग्गजों के भव्य संगम से सजी अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी

    अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी की भव्यता देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में देखी गई। इस शादी में वैश्विक दिग्गजों का भव्य संगम देखने को मिला।

    अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट का शादी समारोह विभिन्न वैदिक हिंदू परंपराओं के धार्मिक और आध्यात्मिक नेताओं का एक अभूतपूर्व मिलन था, जिसने हालिया समय में किसी विवाह आयोजन में सबसे बड़ी आध्यात्मिक और वैश्विक शख्सियतों की उपस्थिति का उदाहरण प्रस्तुत किया।

    समारोह में जिन प्रमुख धर्मगुरुओं ने भाग लिया, उनमें शामिल हैं:

    • स्वामी सदानंद सरस्वती, शंकराचार्य, द्वारका
    • स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, शंकराचार्य, जोशीमठ
    • गौरांग दास प्रभु, प्रभागीय निदेशक, इस्कॉन
    • गौर गोपाल दास, भिक्षु, इस्कॉन
    • राधानाथ स्वामी, सदस्य, शासी निकाय, इस्कॉन
    • पूज्यश्री रमेशभाई ओझा
    • गौतमभाई ओझा
    • पूज्यश्री देवप्रसाद महाराज
    • विजुबेन रजनी, श्री आनंदबावा सेवा संस्थान
    • श्री बालक योगेश्वरदास जी महाराज, बद्रीनाथ धाम
    • पूज्यश्री चिदानन्द सरस्वती, प्रमुख, परमार्थ निकेतन आश्रम
    • श्री नम्रमुनि महाराज, जैन मुनि व संस्थापक, प्रसादधाम
    • धीरेंद्र कुमार गर्ग, गुरु, बागेश्वर धाम
      • बाबा रामदेव, योग गुरु
      • स्वामी रामभद्राचार्य
      • स्वामी कैलाशानंद, महामंडलेश्वर, निरंजनी अखाड़ा
      • अवधेशानंद गिरि, महामंडलेश्वर, जूना अखाड़ा
      • श्री देवकीनंदन ठाकुरजी महाराज, विश्व शांति सेवा ट्रस्ट
      • दीदी मां साध्वी ऋतंभरा जी, वात्सल्य ग्राम
      • स्वामी परमात्मानंद जी, संस्थापक, परम शक्ति पीठ
      • श्री विशाल राकेश जी गोस्वामी, प्रधान पुजारी, श्रीनाथजी मंदिर

      भारत के कई राजनेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के अलावा, इस आयोजन में विश्व के विभिन्न कोनों से प्रतिष्ठित राजनीतिक हस्तियों ने शिरकत की, जो भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक बनी। इनमें शामिल थे:

      • जॉन केरी (अमेरिकी राजनीतिज्ञ)
      • टोनी ब्लेयर (पूर्व प्रधानमंत्री, यूके)
      • बोरिस जॉनसन (पूर्व प्रधानमंत्री, यूके)
      • मैटेओ रेंज़ी (पूर्व प्रधानमंत्री, इटली)
      • सेबेस्टियन कुर्ज़ (पूर्व प्रधानमंत्री, ऑस्ट्रिया)
      • स्टीफन हार्पर (पूर्व प्रधानमंत्री, कनाडा)
      • कार्ल बिल्ड्ट (पूर्व प्रधानमंत्री, स्वीडन)
      • मोहम्मद नशीद (पूर्व राष्ट्रपति, मालदीव)
      • महामहिम सामिया सुलुहू हसन (राष्ट्रपति, तंजानिया)

    ‘कुछ समय इंडिपेंडेंट रहना चाहती हूं’, पूर्व कोच संग टेनिस प्लेयर राधिका की चैट्स आई सामने

    टेनिस प्लेयर राधिका यादव हत्याकांड मामले में नई जानकारी सामने आई है। दरअसल राधिका विदेश जाना चाहती थी। राधिका का पूर्व कोच के साथ किया गया चैट सामने आया है, जिसमें राधिका यह कहती दिख रही है कि वह इंडिपेंडेंट रहना चाहती है

    गुरुग्राम में स्टेट लेवल टेनिस प्लेयर राधिका यादव की हत्या के बाद जांच तेज हो गई है। राधिका मर्डर केस में पुलिस आरोपी पिता दीपक से पूछताछ कर रही है। आरोपी दीपक ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वह पिछले 15 दिनों से सोया नहीं था। घर में बेचैन घूमता रहता था। घर में किसी से बात तक नहीं करता था। पूछताछ में सामने आई जानकारी के मुताबिक, राधिा अपने पिता दीपक की काउंसलिंग भी करती थी। कुछ समय पहले दीपक के दबाव के चलते राधिका ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स बी डिलीट कर दिए थे। दीपक बार-बार राधिका को एकेडमी बंद करने को भी बोलता था।

    पूछताछ में दीपक ने किए ये खुलासे

    जानकारी के मुताबिक, दीपक लोगों के ताने से परेसान था। राधिका ने कई बार दीपक को उसपर भरोसा करने के लिए बोला। दरअसल दीपक लोगों की कही जा रही बातों से परेशान था। लोग दीपक को बेटी की कमाई के नाम पर ताने देते थे। दीपक ने कई बार राधिका को एकेडमी बंद करने को कहा। राधिका ने अपने पिता को समझाने की कई बार कोशिश भी की। राधिका अपने पिता दीपक को कहती थी कि उसके ऊपर ढाई करोड़ खर्च किए है। उन पैसों को बर्बाद नहीं होने दूंगी। अपनी प्रतिभा से बच्चों को टेनिस के लिए ट्रेन करूंगी। बता दें कि इस मामले में पुलिस ने रेवाड़ी के पास से जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

    पूर्व कोच के साथ राधिका की चैट आई सामने

    इस बीच राधिका के पूर्व कोच के साथ राधिका की चैट्स सामने आई है। इस चैट में राधिका कह रही है कि यहां काफी पाबंदियां हैं। वह कुछ टाइम एंजॉय करना चाहती है और अकेले स्वतंत्र रूप से रहना चाहती है। इसके साथ ही चैट से ये भी पता चल रहा है कि राधिका विदेश भी जाना चाहती थी। राधिका दुबई या ऑस्ट्रेलिया जाने की प्लानिंग भी कर रही थी। राधिका का जो चैट सामने आया है, उसमें राधिका कहती है कि चीन में खाने की बहुत दिक्कत है। फिलहाल पुलिस इस चैट की भी जांच कर रही है।

    मध्य प्रदेश के मंदसौर में दिखा दुर्लभ प्रजाति का जानवर, तस्वीर आई सामने

    मंदसौर: मंदसौर के गांधी सागर अभ्यारण्य में दुर्लभ प्रजाति का “स्याहगोश’’ (कैराकल) पाया गया है। गांधी सागर वन्य-जीव अभ्यारण्य में “कैराकल’’ जिसे स्थानीय रूप से “स्याहगोश’’ कहा जाता है कैमरा ट्रैप में दिखाई दिया। यह मांसाहारी प्रजाति का अत्यंत शर्मीला, तेज गति से दौड़ने वाला और सामान्यत: रात्रिचर वन्य-जीव है। यह मुख्यत: शुष्क, झाड़ीदार, पथरीले और खुली घास वाले इलाकों में पाया जाता है। भारत में अब यह प्रजाति विलुप्तप्राय श्रेणी में रखी गयी है और इसकी उपस्थिति बहुत ही दुर्लभ मानी जाती है।

    कैराकल है जैव विविधता की दृष्टि से महत्वपूर्ण

    गांधी सागर अभ्यारण्य के वन अधिकारी ने बताया कि वन मण्डल मंदसौर में लगाये गये कैमरा ट्रैप में एक वयस्क नर कैराकल की उपस्थिति दर्ज हुई है जो जैव विविधता की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। अभ्यारण्य में संरक्षित आवासों की गुणवत्ता और संरक्षण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण भी है। कैराकल की उपस्थिति यह दर्शाती है कि गांधी सागर क्षेत्र के शुष्क और अर्द्ध-शुष्क पारिस्थितिकीय तंत्र अब भी इतने समृद्ध और संतुलित हैं जो इस दुर्लभ प्रजाति को आश्रय दे सकते हैं।

    20 वर्ष के बाद दिखा कैराकल

    लगभग 20 वर्षों में राज्य में इस प्रजाति का यह पहला जानवर है। जानकारी के अनुसारर, 1 जुलाई, 2025 को तीन अलग-अलग मौकों पर 02:35 बजे, 22:05 बजे और फिर 23:38 से 23:39 बजे के बीच इस जानवर की तस्वीरें ली गईं। 2023 में मध्य प्रदेश वन विभाग ने ग्वालियर क्षेत्र में कैराकल को फिर से बसाने की योजना की रूपरेखा तैयार की थी, यह स्वीकार करते हुए कि यह प्रजाति लगभग दो दशकों से राज्य में आधिकारिक तौर पर नहीं देखी गई थी।

    कैराकल का देखा जाना प्रदेश के लिये गर्व की बात 

    बता दें कि मध्य प्रदेश में पिछले कई वर्षों बाद किसी संरक्षित क्षेत्र में कैराकल की पुष्टि हुई है जो प्रदेश के लिये गर्व की बात है। यह खोज न केवल वन्य-जीव शोध के लिये अत्यंत महत्वपूर्ण है, बल्कि हमारे संरक्षण प्रयासों की सफलता का भी प्रमाण है। इस उपलब्धि के लिये वन विभाग एवं गांधी सागर वन्य-जीव अभ्यारण्य के अधिकारी-कर्मचारियों के विशेष प्रयासों से विविध पारिस्थितिकी संरक्षित रह पायी है जिससे आज यह अभ्यारण्य दुर्लभ प्रजातियों के लिये भी एक सुरक्षित आश्रय-स्थली बना हुआ है।