More
    Home Blog Page 22

    सीएम मोहन यादव ने किया स्वच्छता कर्मवीरों का सम्मान, इंदौर को दी विकास की अनेक सौगातें

    मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने कहा है कि स्वच्छता से समृद्धि का द्वार खुलता है। उन्होंने स्वच्छता कर्मवीरों का सम्मान कर उनके साथ भोजन किया। सीएम मोहन ने 50 इलेक्ट्रिक एसी बसों का लोकार्पण किया और इंदौर को विकास की अनेक सौगातें दी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वच्छता से समृद्धि आती है। स्वच्छता हमारी परंपरा, दिनचर्या और संस्कारों में सदियों से शामिल रही है, किंतु समय के साथ हम इसे भूलते गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इन आदतों और संस्कारों को पुनर्जीवित कर स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप दिया है।
    मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को इंदौर में “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत आयोजित स्वच्छता कर्मवीरों के सम्मान और सहभोज कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में इंदौर ने लगातार आठ बार प्रथम स्थान प्राप्त कर देश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके लिए इंदौर के सभी 36 लाख नागरिक और विशेष रूप से स्वच्छता कर्मवीर बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में विश्वस्तरीय पहचान बनाई है। यह उपलब्धि टीम भावना, नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और सफाईकर्मियों की अथक मेहनत से संभव हुई है।

    सीएम ने किया स्वच्छता कर्मवीरों के साथ भोजन
    समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वच्छता कर्मवीरों का सम्मान कर उनके साथ भोजन किया। उन्होंने इंदौर को स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार आठ बार अव्वल बनाने के लिए स्वच्छता कर्मवीरों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मवीरों ने अपनी कर्मठता, लगन, मेहनत, सेवा और समर्पण भाव से कार्य कर इंदौर को नई ऊँचाईयों तक पहुंचाया है। साथ ही स्वच्छता कर्मवीर सही अर्थों में सम्मान के हकदार है। उन्होंने “स्वच्छता का महागुरु” लोगो का विमोचन भी किया। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पार्षदों को भी पुरस्कृत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देश के पहले जीरो वेस्ट जू (प्राणी संग्रहालय) का शुभारंभ भी किया।

    इलेक्ट्रिक एसी बस में किया सफर
    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर की लोक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 60 करोड़ रुपये की लागत की 50 नई इलेक्ट्रिक बसों का लोकार्पण किया। इंदौर को कुल 150 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी, इनमें से उक्त 50 बसों का लोकार्पण किया गया है। इन बसों में डिजिटल पेमेंट व्यवस्था भी रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डिजिटल पेमेंट व्यवस्था का शुभारंभ भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बस में सवार भी हुए और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, जीपीएस, सीसीटीवी, पेनिक बटन एवं अन्य सुविधाओं को देखा। उन्होंने कहा कि इंदौर में सड़क, वायु मार्ग और रेल मार्ग का तेजी से विस्तार हो रहा है। इससे इंदौर से देश में चारों ओर कनेक्टिविटी बढ़ रही है।

    रणजीत हनुमान मंदिर के पुनर्विकास कार्यों का भूमिपूजन
    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर के प्रसिद्ध रणजीत हनुमान मंदिर के पुनर्विकास कार्यों का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वर्चुअली भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि रणजीत हनुमान मंदिर प्राचीन मंदिर है। इस मंदिर से हमें हर क्षेत्र में रण जीतने की प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर मंदिर के विकास के संबंध में तैयार प्रेजेंटेशन भी दिखाया गया। इस मंदिर के पुनर्विकास पर 7 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। भक्तों के लिए अनेक सुविधाएं जुटाई जाएंगी। इस राशि से भव्य द्वार शेड एवं बाउंड्रीवॉल पाथ-वे और उद्यान विकसित करने के कार्य किए जाएंगे। मंदिर के वर्तमान स्वरूप को बरकरार रखा जाएगा। यह कार्य मंदिर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

    इंदौर ने विश्व मानचित्र पर अपना नया स्थान बनाया- तुलसीराम सिलावट
    जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में इंदौर ने विश्व मानचित्र पर अपना नया स्थान बनाया है। इंदौर स्वच्छता में लगातार आठ बार से अव्वल है। इंदौर में लोक परिवहन को नई दिशा मिली है, अब यह डिजिटल इंदौर की ओर बढ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संकल्पों को मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में तेजी से पूरा किया जा रहा है।

    महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इंदौर की विकास यात्रा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इंदौर का विकास आगामी वर्ष-2050 को दृष्टिगत रखते हुए तेजी से किया जा रहा है। इंदौर का चहुंमुखी विकास हो रहा है। यहां स्वच्छता के क्षेत्र में अनेक नवाचार किए जा रहे हैं। इंदौर नगर निगम डिजिटल क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे हैं नवाचारों की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में विधायकगण नगर निगम के सभापति, महापौर परिषद सदस्य, पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में सफाई मित्र और उनसे जुड़े संगठनों के प्रतिनिधि तथा अन्य नागरिकगण उपस्थित थे।

    शिखर धवन को ईडी का मिला नोटिस, ऑनलाइन बेटिंग ऐप केस में पूछताछ के लिए बुलाया

    0

    भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी शिखर धवन को प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की तरफ से ऑनलाइन बेटिंग ऐप केस मामले में आज 11 बजे पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया है। इस केस में पहले एक और टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना से ईडी पहले ही पूछताछ कर चुकी है। इस मामले में पहले ही कई और पूर्व भारतीय खिलाड़ी हरभजन सिंह और युवराज सिंह से ईडी पूछताछ कर चुकी है।

    धवन को विज्ञापन में अपनी भूमिका स्पष्ट करने के लिए भेज गया नोटिस
    प्रवर्तन निदेशालय की तरफ से टीम इंडिया के पूर्व ओपनिंग बल्लेबाज शिखर धवन को जो पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया है उसमें उन्हें अवैध बेटिंग ऐप 1xBet के विज्ञापन की गतिविधियों में अपनी भूमिका को स्पष्ट करने के लिए करने के लिए कहा गया है। ईडी पिछले कुछ से ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के खिलाफ जांच कर रही है, जिसमें अब उन्होंने इस मामले में अपनी जांच को काफी तेज कर दिया है। इस मामले में ईडी की नजरें सिर्फ क्रिकेट प्लेयर्स पर ही नहीं बल्कि फिल्मी हस्तियों पर भी है जिन्होंने इन प्लेटफॉर्म से जुड़े विज्ञापन किए हैं।

    सुरेश रैना और हरभजन सिंह से की जा चुकी है पूछताछ
    ईडी ने ऑनलाइन बेटिंग ऐप केस मामले में जून महीने में कई बड़े स्टार्स से पूछताछ की थी जिसमें सुरेश रैना और हरभजन सिंह का नाम भी शामिल है जिनके बयानों को केंद्रीय जांच एजेंसी ने रिकॉर्ज कर लिया है। हाल में ही केंद्र सरकार ने सभी तरह की ऑनलाइन रियल मनी गेमिंग प्लेटफॉर्म को बंद करने के लिए नए कानून को भी पारित किया था। बता दें कि शिखर धवन ने अपना आखिरी इंटरनेशनल क्रिकेट मुकाबला साल 2022 में खेला था जिसके बाद उन्हें टीम इंडिया से खेलने का मौका नहीं मिला। वहीं धवन ने साल 2024 के आईपीएल सीजन में खेलने के बाद सभी फॉर्मेट से अपने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया था। धवन की गिनती भारतीय क्रिकेट के बेहतरीन बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाजों में की जाती है, जिसमें उनका आईसीसी टूर्नामेंट में बल्ले से बेहतरीन रिकॉर्ड देखने को मिलता था।

    चुनावों से कुछ महीने पहले BJP को लगा झटका, इस पार्टी ने छोड़ दिया NDA का साथ

    कडलूर: तमिलनाडु की सियासत में विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले एक बड़ा उलटफेर हुआ है। टीटीवी दिनाकरन की अगुवाई वाली अम्मा मक्कल मुन्नेत्र कड़गम यानी कि AMMK ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से अलग होने का ऐलान कर दिया। दिनाकरन ने BJP पर ‘धोखा’ देने का इल्जाम लगाया और कहा कि उनकी पार्टी अब इस गठबंधन यानी कि NDA का हिस्सा नहीं रहेगी। बता दें कि AMMK ने 2024 के लोकसभा चुनावों में 2 सीटों पर चुनाव लड़ा था लेकिन उसे कामयाबी नहीं मिली थी। बता दें कि अप्रैल 2026 के आसपास तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव होने हैं।2018 में हुई थी AMMK की स्थापना?
    AMMK की स्थापना 2018 में टीटीवी दिनाकरन ने की थी, जो पहले अन्नाद्रमुक यानी कि AIADMK के नेता थे। अन्नाद्रमुक से निकाले जाने के बाद दिनाकरन ने अपनी अलग पार्टी बनाई, जो जयललिता की विरासत को आगे बढ़ाने का दावा करती है। AMMK के मुताबिक पार्टी का मुख्य मकसद तमिलनाडु की जनता के हक के लिए लड़ना और उनकी आवाज को बुलंद करना है। कडलूर जिले के कट्टुमन्नारकोइल में पत्रकारों से बात करते हुए दिनाकरन ने कहा, ‘हमारी पार्टी AMMK की शुरुआत ही कुछ लोगों के धोखे के खिलाफ हुई थी। हमने सोचा था कि शायद दिल्ली में बैठे लोग बदल जाएंगे या उन्हें बदल दिया जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।’

    ‘हमने कई महीनों तक इंतजार किया’
    दिनाकरन ने तंज कसते हुए कहा, ‘हम मूर्ख नहीं हैं कि दूसरों को अपने कंधों पर ढोते रहें। हमने कई महीनों तक इंतजार किया कि दिल्ली से कोई अच्छा फैसला आएगा, लेकिन अब हमें कुछ होता नहीं दिख रहा।’ दिनाकरन ने साफ कर दिया कि उनकी पार्टी अब NDA से पूरी तरह अलग हो रही है। उन्होंने कहा, ‘हम दिसंबर में अपनी अगली रणनीति का ऐलान करेंगे।’ हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि इस ‘धोखे’ के पीछे कौन लोग हैं।

    NDA से एक और पार्टी हुई थी बाहर
    AMMK तमिलनाडु में NDA से अलग होने वाली दूसरी पार्टी है। हाल ही में अन्नाद्रमुक से निकाले गए नेता ओ. पन्नीरसेल्वम ने भी अपनी पार्टी को NDA से बाहर कर लिया था। तमिलनाडु में NDA की अगुवाई अभी अन्नाद्रमुक कर रही है, जिसने इस साल अप्रैल में BJP के साथ फिर से गठबंधन किया था। दोनों पार्टियों ने 2023 में कुछ समय के लिए रास्ते अलग कर लिए थे, लेकिन बाद में फिर से हाथ मिला लिया।

    2024 में कैसा था AMMK का प्रदर्शन?
    2024 के लोकसभा चुनाव में AMMK ने NDA के साथ मिलकर तमिलनाडु की दो सीटों, थेनी और तिरुचिरापल्ली पर चुनाव लड़ा था, लेकिन दोनों जगह उसे हार का सामना करना पड़ा। खुद दिनाकरन ने थेनी सीट से अपनी किस्मत आजमाई थी, मगर कामयाबी नहीं मिली। दिनाकरन के इस फैसले ने तमिलनाडु की सियासत में नई हलचल मचा दी है। अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि AMMK दिसंबर में क्या नया ऐलान करती है और क्या वह किसी नए गठबंधन की ओर कदम बढ़ाएगी। फिलहाल, BJP और NDA के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि तमिलनाडु में वह अपना आधार मजबूत करने में जुटी है।

    चचा गॉट नो चिल… मलाइका अरोड़ा के साथ फोटो खिंचाने के लिए दिखी अंकल की बेताबी, वायरल हो गया वीडियो

    मलाइका अरोड़ा का एक फैन मोमेंट वायरल हो रहा है। जिसमें एक फैन मलाइका के साथ तस्वीर खिंचाने के लिए उतावला नजर आ रहा है।मलाइका अरोड़ा अक्सर ही अपने फैन्स के बीछ छाई रहती हैं। पैपराजी से लेकर ईवेंट तक हर जगह मलाइका के साथ तस्वीरें खिंचाने वालों की लाइन लगी रहती है। हाल में एक ऐसा ही फैन मोमेंट देखने को मिला है। जिसमें एक अंकल ने स्टेज पर मलाइका के साथ फोटो खिंचाने की ऐसी बेताबी दिखी कि उनका वीडियो वायरल हो गया। लेकिन खास बात ये है कि अंकल खुद के साथ अपनी पत्नी को भी स्टेज पर लाकर मलाइका के साथ तस्वीर खिंचाने चाहते थे। जिसके लिए मना करने के बाद भी अंकल ने अपनी पत्नी को स्टेज पर खींच लिया और तस्वीर खिंचाई। हालांकि मलाइका ने भी स्टेज से पोज दिए और आंटी के साथ तस्वीर खिंचाई। अब इसका वीडियो वायरल हो रहा है।

    फिल्मों में भी करती हैं दमदार रोल
    मलाइका अरोड़ा अपने धमाकेदार आइटम सॉन्ग्स और डांस के लिए जानी जाती हैं। लेकिन अपनी ग्लैमरस इमेज को लेकर भी काफी सुर्खियां बटोरती रहती हैं। बीते साल नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म ‘खो गए हम कहां’ में मलाइका ने एक अहम किरदार निभाया था। हालांकि इस फिल्म में मलाइका का किरदार कोई खास टाइम तक नहीं रहा था। फिल्मों के साथ मलाइका रियालिटी शोज में भी नजर आती रहती हैं साथ ही पैपराजी के कैमरों के फ्लैश से ज्यादा दूर नहीं जाती।

    अर्जुन कपूर संग रिश्ते ने बटोरी सुर्खियां
    बता दें कि मलाइका ने अपने करियर से ज्यादा निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियां बटोरी हैं। मलाइका ने बॉलीवुड एक्टर और डायरेक्टर अरबाज खान से शादी की थी। लेकिन कुछ समय बाद दोनों ने अलग होने का फैसला लिया। बाद में दोनों ने तलाक ले लिया और मलाइका अर्जुन कपूर को डेट करने लगीं। दोनों ने प्यार का खुलेआम इजहार किया और छुट्टियों की भी खूब तस्वीरें शेयर कीं। बाद में दोनों ने अपने रिश्ते का अंत कर लिया और अब दोनों सिंगल जिंदगी जीते हैं। मलाइका भी डांसिंग रियालिटी शोज में नजर आती रहती हैं। यहां मलाइका जज की कुर्सी पर नन्हे कलाकारों को डांस के लिए प्रेरित करती हैं और कई बार छोटे बच्चों के डांस को देखकर खुश हो जाती हैं।

    लगातार तीसरे दिन बढ़त के साथ खुला शेयर बाजार, इन कंपनी के स्टॉक्स ने की शानदार शुरुआत

    आज एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 36.90 अंकों (0.15%) की बढ़त के साथ 24,616.50 अंकों पर खुला।बुधवार को भारतीय शेयर बाजार ने एक बार फिर तेजी के साथ हरे निशान में कारोबार की शुरुआत की। आज लगातार तीसरा दिन है, जब बाजार ने बढ़त के साथ शुरुआत की है। हफ्ते के तीसरे दिन, आज बीएसई सेंसेक्स 138.11 अंकों (0.17%) की बढ़त लेकर 80,295.99 अंकों पर खुला। इसी तरह, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स भी आज 36.90 अंकों (0.15%) की बढ़त के साथ 24,616.50 अंकों पर खुला। बताते चलें कि कल सेंसेक्स 155.60 अंकों (0.19%) की बढ़त लेकर 80,520.09 अंकों पर और निफ्टी 27.95 अंकों की (0.11%) बढ़त के साथ 24,653.00 अंकों पर खुला था। हालांकि, अंत में बाजार ने बड़ी गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार बंद किया था।

    एटरनल के शेयरों ने की जबरदस्त शुरुआत
    बुधवार को सेंसेक्स की 30 में से 19 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में खुले और 10 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में खुले। जबकि टेक महिंद्रा के शेयर आज बिना किसी बदलाव के खुले। इसी तरह, निफ्टी 50 की भी 50 में से 27 कंपनी के शेयरों ने तेजी के साथ हरे निशान में कारोबार शुरू किया और बाकी की 21 कंपनी के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में खुले और 2 कंपनी के शेयर बिना किसी बदलाव के खुले। सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल एटरनल के शेयर आज सबसे ज्यादा 1.94 प्रतिशत की बढ़त के साथ खुले और टाइटन के शेयर आज सबसे ज्यादा 0.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुले।

    महिंद्रा, टीसीएस, पावरग्रिड के शेयरों ने की शानदार शुरुआत
    सेंसेक्स की दूसरी कंपनियों की बात करें तो आज महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 1.69 प्रतिशत, टीसीएस 0.80 प्रतिशत, पावरग्रिड 0.73 प्रतिशत, टाटा स्टील 0.63 प्रतिशत, टाटा मोटर्स 0.54 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 0.51 प्रतिशत, भारतीय स्टेट बैंक 0.49, प्रतिशत बीईएल 0.45 प्रतिशत, आईटीसी 0.43 प्रतिशत, एनटीपीसी 0.40 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक 0.38 प्रतिशत, ट्रेंट 0.26 प्रतिशत, एचसीएल टेक 0.26 प्रतिशत, सनफार्मा 0.24 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 0.22 प्रतिशत, एलएंडटी 0.21 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 0.18 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक के शेयर 0.07 प्रतिशत की तेजी के साथ खुले।

    जिंदगी में कुछ भी आपको…; बेंगलुरु भगदड़ पर पहली बार आया विराट कोहली का बयान

    0

    बेंगलुरु में 4 जून को आरसीबी की आईपीएल विक्ट्री परेड के दौरान वहां पर भारी संख्या में फैंस के पहुंचने से भगदड़ मच गई थी, जिसके बाद 11 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं अब इस मामले में तीन महीने के बाद आरसीबी टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली का बयान आया है।
    इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम ने फाइनल मुकाबले में पंजाब किंग्स को मात देने के साथ 18 सालों में पहली बार खिताब को अपने नाम किया था। वहीं इस जीत के बाद जहां आरसीबी के सभी खिलाड़ी काफी खुश थे तो वहीं बेंगलुरु में फैंस की भी खुशी देखने लायक थी। आरसीबी फ्रेंचाइजी ने अपने फैंस तो तोहफा देने के लिए 4 जून को बेंगलुरु में विक्ट्री परेड का आयोजन किया था, लेकिन ये उनकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई जिससे पूरी खुशी का माहौल गम में बदल गया। तादाद से अधिक संख्या में वहां पर फैंस के पहुंचने से भगदड़ मच गई जिसमें 11 लोगों ने अपनी जान भी गंवा दी। वहीं अब इस पूरे मामले में आरसीबी टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली का बयान सामने आया है।

    आप जिंदगी में ऐसे दिन के लिए कभी तैयार नहीं होते
    विराट कोहली ने बेंगलुरु भगदड़ के करीब तीन महीने बीत जाने के बाद जो बयान दिया है उसे आरसीबी की फ्रेंचाइजी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया है, जिसमें कोहली ने कहा कि जिंदगी में कुछ भी आपको 4 जून जैसे दिल टूटने के लिए तैयार नहीं करता। जो हमारी फ्रेंचाइजी के इतिहास का सबसे खुशी का पल होना चाहिए था…वह एक दुखद घटना में बदल गया। मैं उन लोगों के परिवारों के बारे में सोच रहा हूं और उनके लिए प्रार्थना कर रहा हूं जिन्हें हमने खो दिया…और हमारे उन प्रशंसकों के लिए जो घायल हुए। आपका नुकसान अब हमारी कहानी का हिस्सा है। हम सब मिलकर जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ेंगे।

    आरसीबी फ्रेंचाइजी ने 25 लाख रुपए देने का किया ऐलान
    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की फ्रेंचाइजी ने बेंगलुरु भगदड़ में मरने वाले परिवारों को 25 लाख रुपए आरसीबी केयर्स के जरिए देने का ऐलान किया है। इस घटना में करीब 33 लोग घायल भी हुए थे। वहीं इस मामले में न्यायिक जांच के भी आदेश दिए गए थे, जिसके बाद से बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में अब तक कोई भी इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला गया है। वहीं महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में होने वाले यहां पर मुकाबलों को नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकेडमी में कराने का फैसला लिया गया।

    सीएम मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक, हजारों करोड़ रुपये की योजनाओं को मिली मंजूरी

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक में कई निर्णय लिए गए हैं। जल जीवन मिशन की पुनरीक्षित योजनाओं में 2,813 करोड़ रूपये वृद्धि का अनुमोदन किया गया है। उज्जैन में नवीन रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण के लिए 371 करोड़ 11 लाख स्वीकृत किए गए हैं।भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक सम्पन्न हुई। मंत्रि-परिषद ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा प्रदेश में ‘जल जीवन मिशन” अंतर्गत पुनरीक्षित योजनाओं में प्रस्तावित लागत में वृद्धि राशि 2,813 करोड़ 21 लाख रूपये राज्य सरकार द्वारा वहन किए जाने का अनुमोदन किया, जो लगभग 13.55 प्रतिशत है।

    जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रदेश में अब तक 20 हजार 765 करोड़ रूपये लागत की 27 हजार 990 एकल ग्राम नल जल योजनाओं और 60 हजार 786 करोड़ रूपये लागत की 148 समूह जल प्रदाय योजनाओं की स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत 27 हजार 990 योजनाओं में से 15 हजार 947 ग्रामों की योजनाएं पूर्ण हो चुकी है और 12 हजार 43 योजनाओं के कार्य विभिन्न चरणों में प्रगतिरत हैं। अभी तक कुल 8 हजार 358 योजनाओं के पुनरीक्षण की आवश्यकता हुई है। पुनरीक्षण कार्यवाही के अंतर्गत 7 लाख ग्रामीण परिवारों को क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए समस्त परिक्षेत्र के जिलों की प्रस्तुत 8,358 पुनरीक्षित परियोजनाओं के विस्तृत परीक्षण के उपरान्त कुल पुनरीक्षित लागत 9026 करोड़ 97 लाख रूपये की स्वीकृति दिये जाने की अनुशंसा की गई। इन योजनाओं की मूल स्वीकृत लागत 6,213 करोड़ 76 लाख रूपये है।

    इंदौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड (एक्सेस कंट्रोल) मार्ग निर्माण की स्वीकृति
    मंत्रि-परिषद द्वारा इंदौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड (एक्सेस कंट्रोल) मार्ग, लंबाई 48.10 कि.मी. का 4 लेन मय पेव्हड शोल्डर एवं दोनों ओर दो लेन सर्विस रोड सहित, हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (HAM) योजनांतर्गत निर्माण कार्य के लिए भू-अर्जन सहित कुल राशि 2 हजार 935 करोड़ 15 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गयी है। पूर्व में जारी लोक निर्माण विभाग को प्रदान की गई प्रशासकीय स्वीकृति को निरस्त करते हुए परियोजना को “हाईब्रिड एन्यूटी मॉडल” पर किए जाने की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदाय की गयी परियोजना के अंतर्गत 34 अंडर पास, 02 फ्लाई ओवर, 01 आर.ओ.बी., 07 मध्यम पुल एवं 02 वृहद जंक्शन का निर्माण सहित सभी जंक्शन का सुधार, सड़क सुरक्षा उपाय, रोड मार्किंग आदि कार्य किये जायेंगे। मार्ग के निर्माण एवं संधारण के लिए कंसेशन अवधि 17 वर्ष रहेगी।

    उज्जैन मे नवीन रेलवे ओवर ब्रिज की स्वीकृति
    मंत्रि-परिषद द्वारा आगामी सिहंस्थ-2028 के मद्देनजर उज्जैन शहर में हरिफाटक रेलवे क्रासिंग पर 4 लेन और हरिफाटक चौराहे से नीलकंठ द्वार तक 980 मीटर लंबाई के नवीन रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए 371 करोड़ 11 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति सिहंस्थ मद अंतर्गत प्रदान की गई।

    नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति
    मंत्रि-परिषद द्वारा नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग कुल लंबाई 72.18 किलोमीटर के दो लेन मय पेव्हड शोल्डर निर्माण के लिये “हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (HAM)” योजनांतर्गत भू-अर्जन सहित राशि 972 करोड़ 16 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई। परियोजना के अंतर्गत 2 अंडर पास, 4 बड़े पुल, 37 मध्यम पुल, 14 वृहद जंक्शन एवं 52 मध्यम निर्माण कार्य किये जायेंगे। इसके अतिरिक्त जंक्शन सुधार, सुरक्षा उपाय, रोड मार्किंग और रोड फर्नीचर का कार्य भी किया जायेगा। मार्ग निर्माण और संधारण की कंसेशन अवधि 17 वर्ष रहेगी।

    डोनाल्ड ट्रंप के चेले नवारो ने फिर उगला जहर, मोदी-पुतिन-जिनपिंग की एकता पर दिया बड़ा बयान

    0

    डोनाल्ड ट्रंप के पूर्व सलाहकार पीटर नवारो ने पीएम मोदी, पुतिन और शी जिनपिंग की मुलाकात को ‘परेशान करने वाला’ बताया। उन्होंने भारत पर रूस के करीब होने और अमेरिका से दूर जाने का आरोप लगाया है।न्यूयॉर्क/वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रमुख व्यापार सलाहकार पीटर नवारो ने भारत, रूस और चीन के नेताओं के बीच दिखी एकता को ‘परेशान करने वाला’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रूस के बजाय अमेरिका, यूरोप और यूक्रेन के साथ होना चाहिए। यह बयान शंघाई सहयोग संगठन यानी कि SCO शिखर सम्मेलन में सोमवार को त्येनजिन, चीन में मोदी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच दिखी दोस्ती के बाद आया है।यह बहुत परेशान करने वाला है’
    नवारो ने व्हाइट हाउस में कहा, ‘यह बहुत परेशान करने वाला है। यह शर्मनाक है कि दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक व्यवस्था के नेता मोदी, पुतिन और शी जिनपिंग जैसे दो बड़े तानाशाह नेताओं के साथ नजदीकी दिखा रहे हैं। यह समझ से बाहर है।’ उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब भारत और अमेरिका के बीच संबंध पिछले 2 दशकों में सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं। ट्रंप प्रशासन ने भारत पर 25% पारस्परिक टैरिफ और रूसी तेल खरीदने के लिए अतिरिक्त 25 फीसदी टैरिफ लगाया है, जिससे भारत पर कुल 50 फीसदी टैरिफ लागू हो गया है, जो दुनिया में सबसे ज्यादा है। भारत ने इन टैरिफ को ‘अनुचित और अतार्किक’ बताया है।

    ‘समझ नहीं आता कि मोदी क्या सोच रहे’
    नवारो ने कहा, ‘मुझे समझ नहीं आता कि मोदी क्या सोच रहे हैं, खासकर तब जब भारत और चीन के बीच दशकों से तनाव रहा है, और कभी-कभी मामला जंग तक पहुंच गया है। हम उम्मीद करते हैं कि भारतीय नेता समझेंगे कि उन्हें रूस के बजाय अमेरिका, यूरोप और यूक्रेन के साथ होना चाहिए। उन्हें रूसी तेल खरीदना बंद करना होगा।’ भारत ने रूसी तेल खरीदने के अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा है कि वहा ऐसा राष्ट्रीय हित और मार्केट डानैमिक्स को देखते हुए कर रहा है। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद पश्चिमी देशों ने रूसी तेल पर प्रतिबंध लगाए है, जिसके बाद रूस भारत का सबसे बड़ा एनर्जी सप्लायर बन गया है।

    पीएम मोदी, शी और जिनपिंग की केमिस्ट्री
    त्येनजिन में हुए SCO शिखर सम्मेलन में मोदी, पुतिन और शी ने गर्मजोशी से मुलाकात की। तस्वीरों में तीनों नेता एक-दूसरे से हाथ मिलाते, गले मिलते और हंसते हुए दिखे। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई, जब ट्रंप की टैरिफ नीति और भारत पर उनकी आलोचनाओं ने दोनों देशों के रिश्तों में खटास पैदा की है। विश्लेषकों का कहना है कि यह एकजुटता वैश्विक मंच पर अमेरिका के दबदबे के खिलाफ एक वैकल्पिक व्यवस्था को दिखाती है।

    नवारो की आलोचना और भारत का रुख
    नवारो ने भारत को ‘टैरिफ का महाराजा’ कहकर तंज कसा और दावा किया कि भारत सबसे ज्यादा टैरिफ लगाता है और इसे स्वीकार नहीं करता। उन्होंने कहा, ‘वे हमें अपने यहां सामान बेचने नहीं देते, इससे अमेरिकी मजदूरों और टैक्सपेयर्स को नुकसान होता है।’ साथ ही, उन्होंने भारत के ब्राह्मण समुदाय पर निशाना साधते हुए कहा, ‘भारतीय लोगों को समझना चाहिए कि ब्राह्मण उनके हितों के खिलाफ मुनाफाखोरी कर रहे हैं।’ वहीं, भारत ने साफ किया कि वह रूसी तेल खरीदना जारी रखेगा, क्योंकि यह उसके 1.4 अरब नागरिकों के लिए ‘सबसे अच्छा सौदा’ है।

    दिमाग से खून निकाल देगी ये क्राइम थ्रिलर, पल-पल गहराता है सस्पेंस, मिली 8.4 रेटिंग, थिएटर के बाद अब OTT पर छाई फिल्म

    अगर आप दमदार कहानी, रहस्य और थ्रिल के साथ ही एक्शन का भी तड़का देखना चाहते हैं तो हम आपके लिए एक शानदार फिल्म लेकर आए हैं। फिल्म को 8.4 की रेटिंग मिली है और थिएटर के बाद अब ओटीटी पर भी ये फिल्म छाई हुई है।अगर आप रोमांटिक या हॉरर फिल्मों से थोड़ा ब्रेक लेकर कुछ नया, रोमांचक और एक्शन से भरपूर देखना चाहते हैं, तो आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प ओटीटी पर उपलब्ध हो गया है। इस फिल्म की कहानी लोगों का दिल जीत रही है और इसमें भर-भर कर सस्पेंस है। हाल ही में रिलीज हुई तेलुगु फिल्म ‘द 100’ ने दर्शकों को अपनी कहानी और थ्रिल से खूब बांधे रखा है। यह फिल्म 11 जुलाई 2025 को थिएटर्स में रिलीज हुई थी और अब ओटीटी पर आते ही तुरंत टॉप 10 ट्रेंडिंग फिल्मों में जगह बना चुकी है। इस क्राइम थ्रिलर को आईएमडीबी पर तगड़ी रेटिंग भी मिली है।क्या है ‘द 100’ की कहानी?
    फिल्म की कहानी एक बहादुर IPS अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो शहर के बाहरी इलाकों में हो रही रहस्यमयी डकैतियों की जांच में जुटा है। लेकिन उसकी जिंदगी तब एक मोड़ लेती है, जब उसकी मुलाकात एक महिला आरती से होती है। इसके बाद शुरू होती है ट्विस्ट्स और टर्न्स से भरी एक ऐसी कहानी, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखती है। फिल्म में सागर, मिशा नारंग और धन्या बालकृष्ण मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि निर्देशन की कमान राघव ओमकार शशिधर ने संभाली है।

    क्यों देखें ये फिल्म?
    एक्शन के साथ सस्पेंस और थ्रिल, तीनों का शानदार तड़का इस फिल्म में लगाया गया है, जो कहानी को हर नए मोड़ के साथ और ज्यादा दिलचस्प बना रहा है। दमदार परफॉर्मेंस और तेजी से आगे बढ़ती कहानी इस फिल्म की सबसे सॉलिड बात है। IMDb पर फिल्म को 8.4 की शानदार रेटिंग भी हासिल है, जो इसे पूरी तरह से मस्ट वॉच की श्रेणी में शामिल करती है। सिनेमाघरों में इसे लोगों ने काफी पसंद किया और अब इसके बाद इसे भी ओटीटी पर जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। ऐसे में इस फिल्म एक मौका जरूर दें, ये आपको निराश नहीं करेगी।

    सस्ता हुआ लोन, इन 2 सरकारी बैंकों ने घटाई ब्याज दरें- जानें किन ग्राहकों को मिलेगा फायदा

    भारतीय रिजर्व बैंक ने अगस्त में रेपो रेट में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया था और रेपो रेट को 5.5 प्रतिशत पर ही बरकरार रखने का ऐलान किया था। इसके बावजूद, पब्लिक सेक्टर के 2 बैंकों ने लोन की ब्याज दरों में कटौती का ऐलान किया है। इस कटौती के बाद नई ब्याज दरें 1 सितंबर से लागू भी हो गई हैं। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और बैंक ऑफ इंडिया (BOI) ने अपनी सीमांत निधि लागत-आधारित उधार दरों (MCLR) में कटौती की है। बैंकों के इस फैसले से उन ग्राहकों को फायदा होगा, जिन्होंने एमसीएलआर से जुड़े लोन लिए हैं।

    EMI के बोझ में मिलेगी राहत
    पीएनबी ने एमसीएलआर में 15 बेसिस पॉइंट्स तक की कटौती की है और बैंक ऑफ इंडिया ने ओवरनाइट अवधि को छोड़कर बाकी सभी अवधि के लोन के लिए ब्याज दरों में 5 से लेकर 15 बेसिस पॉइंट्स की कटौती की है। पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ इंडिया द्वारा एमसीएलआर में की गई इस ताजा कटौती से लोन की ईएमआई कम हो जाएगा और ग्राहकों को ब्याज के रूप में तुलनात्मक रूप से कम पैसे चुकाने होंगे।

    MCLR क्या होता है
    एमसीएलआर यानी सीमांत निधि लागत-आधारित उधार दरें, बैंकों के लिए अलग-अलग फ्लोटिंग रेट लोन जैसे- होम लोन, पर्सनल लोन और ऑटो लोन पर ब्याज दरें निर्धारित करने के लिए एक बेंचमार्क रेट के रूप में काम करता है। बताते चलें कि एमसीएलआर नए लोन पर लागू नहीं होता है क्योंकि नए फ्लोटिंग रेट लोन बाहरी बेंचमार्क उधार दर (EBLR) से जुड़े होते हैं। बैंक अपने ग्राहकों को एमसीएलआर से ईबीएलआर में स्विच का भी ऑप्शन देते हैं।

    पंजाब नेशनल बैंक के नए MCLR अब क्या होंगे
    पंजाब नेशनल बैंक ने ओवरनाइट MCLR को 8.15% से घटाकर 8%, एक महीने के MCLR को 8.30% से घटाकर 8.25%, तीन महीने के MCLR को 8.50% से घटाकर 8.45%, छह महीने के MCLR को 8.70% से घटाकर 8.65%, एक साल के MCLR को 8.85% से घटाकर 8.8% और तीन साल के MCLR को 9.15% से घटाकर 9.10% कर दिया है।

    बैंक ऑफ इंडिया की नई दरें अब क्या होंगी
    वहीं दूसरी ओर, बैंक ऑफ इंडिया ने ओवरनाइट MCLR को 7.95% पर अपरिवर्तित रखा है। इस सरकारी बैंक ने 1 महीने की MCLR को 8.40% से घटाकर 8.30%, 3 महीने की MCLR को 8.55% से घटाकर 8.45%, 6 महीने की MCLR को 8.80% से घटाकर 8.70%, 1 साल के MCLR को 8.90% से घटाकर 8.85% और 3 साल के MCLR को 9.15% से घटाकर 9.00% कर दिया है।