
भोपाल की अमन कॉलोनी स्थित ईरानी डेरे से देशभर में अपराध का नेटवर्क चलाने वाला कुख्यात बदमाश राजू ईरानी उर्फ रहमान आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। सूरत में हुई गिरफ्तारी के बाद भोपाल पुलिस की टीम उसे ट्रांजिट वारंट पर राजधानी लाने की तैयारी में जुटी है। उस पर देश के 14 राज्यों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं।
भोपाल लाने की तैयारी, कोर्ट से होगा फैसला
रविवार को राजू ईरानी को सूरत की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। इसके बाद ही तय होगा कि उसे ट्रांजिट रिमांड पर भोपाल कब लाया जाएगा। भोपाल पुलिस की टीम सूरत में मौजूद है और हर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को राजधानी लाने की तैयारी कर रही है।
आधा दर्जन गैंग, देशभर में वारदात
पुलिस के अनुसार, राजू ईरानी अमन कॉलोनी के ईरानी डेरे से आधा दर्जन गैंगों को संचालित करता था। ये गैंग अलग-अलग राज्यों में ठगी, लूट, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों को अंजाम देते थे। उसका नेटवर्क इतना फैला हुआ था कि मध्यप्रदेश से लेकर गुजरात, राजस्थान और अन्य राज्यों तक उसके गुर्गे सक्रिय थे।
‘ड्रग्स की रानी’ समेत फरार आरोपियों की तलाश
राजू ईरानी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि कई बड़े खुलासे होंगे। खासकर ‘लेडी डॉन’ और ‘ड्रग्स की रानी’ के नाम से चर्चित महिला समेत अन्य फरार आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में पूरे नेटवर्क की परतें खुलेंगी।
भोपाल पुलिस को बड़ी कामयाबी
राजू ईरानी की गिरफ्तारी को भोपाल पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। वर्षों से फरार यह बदमाश कई राज्यों में पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। अब उसके भोपाल आने के बाद न केवल पुराने मामलों में प्रगति होगी, बल्कि देशभर में फैले उसके आपराधिक नेटवर्क पर भी बड़ा प्रहार संभव हो सकेगा।

