![]()
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इज़राइल दौरे के दौरान भारत और इज़राइल के रिश्तों को नई रणनीतिक ऊंचाई देने पर सहमति बनी। संयुक्त प्रेस वार्ता में पीएम मोदी ने स्पष्ट कहा कि भारत की सोच है— “मानवता को कभी भी संघर्ष का शिकार नहीं बनना चाहिए” और गाजा शांति पहल को भारत ने पूर्ण समर्थन दिया है।
मानवता सर्वोपरि: पीएम मोदी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वैश्विक संघर्षों के बीच शांति और संवाद ही आगे का रास्ता है। उन्होंने गाजा पीस प्लान को सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि भारत भविष्य में भी सभी देशों के साथ संवाद और सहयोग जारी रखेगा।
रिश्ते हर कसौटी पर खरे: मोदी
इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ संयुक्त वार्ता में पीएम मोदी ने कहा कि भारत-इज़राइल संबंध “टाइम टेस्टेड” हैं और अब इन्हें स्पेशल स्ट्रैटिजिक पार्टनरशिप तक ले जाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने जोर दिया कि तकनीक, इनोवेशन और आर्थिक सहयोग दोनों देशों की साझेदारी का इंजन बने हुए हैं।
कई अहम MoUs पर हस्ताक्षर
यरुशलम में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद दोनों देशों ने रक्षा, तकनीक, नवाचार, कृषि और आर्थिक क्षेत्रों में कई समझौता ज्ञापनों (MoUs) का आदान-प्रदान किया।
सरकार के अनुसार, इससे संयुक्त विकास, उत्पादन और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर को नई गति मिलेगी।
इज़राइल में UPI इस्तेमाल पर समझौता
पीएम मोदी ने बताया कि दोनों देशों ने क्रिटिकल और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी साझेदारी स्थापित करने का निर्णय लिया है।
-
इज़राइल में UPI के उपयोग पर सहमति
-
AI, क्वांटम और क्रिटिकल मिनरल्स में सहयोग
-
सिविल न्यूक्लियर और स्पेस सेक्टर में कदम आगे
उन्होंने कहा कि भारत में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की संख्या 100 तक ले जाने और “विलेज ऑफ एक्सीलेंस” विकसित करने पर काम होगा।
इनोवेटर्स और युवाओं को जोड़ने पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं, रिसर्चर्स और इनोवेटर्स को जोड़ना दोनों देशों की प्राथमिकता है। इसी दिशा में इंडिया-इज़राइल अकादमिक फोरम स्थापित करने का फैसला हुआ है।
साथ ही IMEC कॉरिडोर और I2U2 समूह को नई गति देने पर भी सहमति बनी।
नेतन्याहू ने मोदी के भाषण की सराहना की
इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी के नेसेट में दिए भाषण को भावुक कर देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि यह दौरा “संक्षिप्त लेकिन अत्यंत फलदायक और भावनात्मक” रहा।
याद वाशेम में होलोकॉस्ट पीड़ितों को श्रद्धांजलि
दौरे के दौरान पीएम मोदी ने वर्ल्ड होलोकॉस्ट रिमेम्बरेंस सेंटर ‘याद वाशेम’ जाकर पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की और बुक ऑफ नेम्स हॉल का भी दौरा किया।

