
National desk: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार को पार्टी की विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुना गया है। वह शनिवार शाम पांच बजे महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। लोक भवन की ओर से इसकी आधिकारिक जानकारी साझा की गई है।
महाराष्ट्र विधानसभा में आयोजित एनसीपी विधायक दल की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे। बैठक से पहले एनसीपी नेताओं ने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। जानकारी के मुताबिक, एनसीपी नेता दिलीप वलसे पाटिल ने सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी विधायकों ने समर्थन दिया।
सुनेत्रा पवार, दिवंगत उपमुख्यमंत्री और पार्टी प्रमुख अजित पवार की पत्नी हैं। वह वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं। विधायक दल की बैठक में उन्हें पार्टी का नेता चुने जाने के साथ ही उनके उपमुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया।
बताया गया है कि राज्यपाल आचार्य देवव्रत शाम चार बजे मुंबई पहुंचेंगे और इसके बाद लोक भवन में आयोजित समारोह में सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। उनके शपथ ग्रहण के साथ ही वह महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन जाएंगी।
गौरतलब है कि अजित पवार, जो देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार में उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री थे, का 28 जनवरी को बारामती में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद पार्टी और सरकार में नेतृत्व को लेकर मंथन चल रहा था, जिसे आज विराम मिल गया।

