More
    HomeBHOPALमध्यप्रदेश को AI हब बनाने का विजन पेश करेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव,...

    मध्यप्रदेश को AI हब बनाने का विजन पेश करेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव, भोपाल में बड़ा सम्मेलन


    MP Regional AI Impact Conference–2026: मध्यप्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को शासन और विकास का मजबूत आधार बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। गुरुवार को भोपाल के ताज लेकफ्रंट होटल में “मध्यप्रदेश रीजनल एआई इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस-2026” का आयोजन होगा। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होकर एआई आधारित शासन और आर्थिक विकास को लेकर प्रदेश का रणनीतिक रोडमैप प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम की थीम “AI-enabled Governance for an eMPowered Bharat” रखी गई है, जो डिजिटल और तकनीकी रूप से सशक्त भारत की परिकल्पना को दर्शाती है।

    एआई से सशक्त शासन की दिशा

    कॉन्फ्रेंस का आयोजन मध्यप्रदेश शासन के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा इंडिया एआई मिशन के सहयोग से किया जा रहा है। इसमें आईआईटी इंदौर नॉलेज पार्टनर और आईआईटीआई-दृष्टि सीपीएस फाउंडेशन प्रदर्शनी भागीदार के रूप में शामिल होंगे।
    प्रारंभिक सत्र में इंडिया एआई के सीईओ अभिषेक सिंह और आईआईटी इंदौर के निदेशक सुहास एस. जोशी विचार रखेंगे। अपर मुख्य सचिव संजय दुबे “एआई फॉर पीपल, प्लेनेट एंड प्रोग्रेस” विषय पर प्रदेश का एआई विजन प्रस्तुत करेंगे, जबकि मुख्य सचिव अनुराग जैन भी सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

    मध्यप्रदेश इनोवेशन एक्सपो का उद्घाटन

    कार्यक्रम के दौरान “मध्यप्रदेश इनोवेशन एक्सपो” का उद्घाटन किया जाएगा। इसमें इंडिया एआई पवेलियन, मध्यप्रदेश पवेलियन, स्टार्टअप शोकेस, हैकाथॉन एरिना और स्टार्टअप प्रतियोगिता शामिल रहेंगी।
    यह एक्सपो प्रदेश के युवाओं, नवाचारकर्ताओं और स्टार्टअप्स को अपनी तकनीकी क्षमताएं दिखाने का मंच देगा। इसके माध्यम से सरकार और उद्योग जगत के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा, जिससे नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और नए निवेश के रास्ते खुलेंगे।

    तीन प्रमुख सत्रों में होगी व्यापक चर्चा

    कॉन्फ्रेंस में तीन मुख्य सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें टेक्नोलॉजी आधारित शासन, आर्थिक विकास व सामाजिक कल्याण में एआई की भूमिका और डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर व नवाचार जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
    इन सत्रों में डिजिटल इंडिया-भाषिणी, यूआईडीएआई, एनईपीडी, विभिन्न राज्य सरकारों के प्रतिनिधि और गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, डिलोट्टी व ईवाई जैसे अग्रणी संगठनों के विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे। इससे नीति-निर्माताओं को एआई के व्यावहारिक उपयोगों की स्पष्ट दिशा मिलेगी।

    स्टार्टअप्स और नवाचार को मिलेगा बड़ा मंच

    सम्मेलन में एमपी इनोटेक स्टार्टअप पिच कंटेस्ट और उज्जैन महाकुंभ हैकाथॉन के विजेताओं की घोषणा भी की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में नए पोर्टल्स का शुभारंभ, महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर और नवाचार से जुड़ी अहम घोषणाएं की जाएंगी।
    यह कॉन्फ्रेंस न केवल मध्यप्रदेश को तकनीकी रूप से आगे बढ़ाने का रोडमैप तय करेगी, बल्कि प्रदेश को एआई आधारित शासन और विकास के मॉडल राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Must Read

    spot_imgspot_imgspot_imgspot_img