
indore news: इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से फैल रही बीमारी अब और भयावह होती जा रही है। रविवार रात नयापुरा बस्ती की रहने वाली एक महिला जिसका नाम कमला बाई था की मौत हो गई। उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस मौत के साथ ही इलाके में मरने वालों की संख्या 20 तक पहुंच गई है।
महिलाएं ज्यादा प्रभावित, नवजात भी शिकार
इस बीमारी की चपेट में सबसे ज्यादा महिलाएं आई हैं। अब तक मृतकों में महिलाओं की संख्या अधिक है, जबकि एक नवजात की जान भी जा चुकी है। इससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
आईसीयू में 13 मरीज, दर्जनों का इलाज जारी
डायरिया के कारण अभी 13 मरीज आईसीयू में भर्ती हैं। वहीं 42 मरीजों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। कुल 427 मरीजों को अब तक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 385 को स्वस्थ होने पर छुट्टी दी जा चुकी है।
लोगों में डर, प्रशासन पर बढ़ा दबाव
डॉक्टरों का कहना है कि मृत महिला पहले से अन्य बीमारियों से पीड़ित थी, इसलिए मौत को सीधे दूषित पानी से जोड़कर नहीं देखा जा रहा। बावजूद इसके, लगातार बढ़ रहे मामलों ने प्रशासन पर दबाव बढ़ा दिया है। स्थानीय लोग सुरक्षित पेयजल और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

